Sorting by

×




गोंडा के परसपुर थाना क्षेत्र के रेक्सड़िया गांव में 9 सितंबर को हुई बिनोद साहनी की हत्या के बाद अब राजनीतिक दलों की सक्रियता बढ़ गई है। कई दलों के नेता पीड़ित परिवार से मिलने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन जिला प्रशासन उन्हें गांव तक पहुंचने की अनुमति नहीं दे रहा है। रविवार को नगीना सांसद और आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद भी गोंडा पहुंचने वाले हैं। वह करीब 11:30 बजे लखनऊ से रवाना होकर मृतक के घर पहुंचने की कोशिश करेंगे। चंद्रशेखर आजाद मृतक की पत्नी उषा देवी, बेटे राजा साहनी और बेटियों विजयलक्ष्मी व रागिनी से मुलाकात कर शोक जताएंगे। वह परिवार से घटना की जानकारी भी लेंगे। इसके साथ ही उन्होंने कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद के इस्तीफे की मांग करने की बात कही है। उनके गोंडा आने के ऐलान के बाद पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा बढ़ा दी है। बॉर्डर से गांव तक पुलिस तैनात, छोटे रास्तों पर भी निगरानी चंद्रशेखर आजाद के दौरे को देखते हुए गोंडा जिले की सीमा से लेकर रेक्सड़िया गांव तक बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। चार से ज्यादा थानों की पुलिस को सुरक्षा व्यवस्था में लगाया गया है। जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई है और गांव तक पहुंचने वाले छोटे रास्तों पर भी पुलिस टीमें तैनात हैं। पुलिस प्रशासन आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी से जुड़े नेताओं की गतिविधियों पर भी नजर रख रहा है। प्रशासन की कोशिश है कि किसी तरह की भीड़ जुटने या कानून-व्यवस्था बिगड़ने की स्थिति न बने। इसके लिए गांव की ओर जाने वाले रास्तों पर पुलिस बल बढ़ाया गया है। सीओ बोले- धारा 163 लागू, चंद्रशेखर को भी रास्ते में रोकेंगे सीओ करनैलगंज आनंद राय ने बताया कि जिले में धारा 163 लागू है। इसके अलावा गोंडा में कजरी तीज का मेला भी चल रहा है। ऐसे में कानून-व्यवस्था को देखते हुए किसी भी राजनीतिक दल के नेता को पीड़ित परिवार से मिलने की अनुमति नहीं दी जा रही है। सीओ ने कहा कि चंद्रशेखर आजाद को भी मृतक के घर जाने की अनुमति नहीं मिलेगी। उन्हें रास्ते में ही रोककर हिरासत में लिया जाएगा। प्रशासन का कहना है कि मौजूदा परिस्थितियों में भीड़ और राजनीतिक गतिविधियों को नियंत्रित रखना जरूरी है।
चंद्रशेखर बोले- संजय निषाद नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दें गोंडा रवाना होने से पहले चंद्रशेखर आजाद ने कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अगर सरकार कमजोर वर्ग के लोगों की सुरक्षा और उन्हें न्याय नहीं दिला पा रही है तो मंत्री को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार कानून-व्यवस्था बेहतर होने के दावे करती है, लेकिन पीड़ित परिवार को न्याय मिलना भी उतना ही जरूरी है। चंद्रशेखर ने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि उनकी मांग आसानी से पूरी होगी। उनका आरोप है कि जब किसी अपराध में मुख्यमंत्री की जाति से जुड़ा व्यक्ति आरोपी होता है तो पिछले वर्षों में सरकार का झुकाव पीड़ित की बजाय आरोपी की ओर दिखाई देता रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कोई भी हो, कार्रवाई निष्पक्ष होनी चाहिए और जाति-धर्म के आधार पर कार्रवाई नहीं होनी चाहिए। बोले- फेसबुक पोस्ट का जवाब हत्या नहीं, कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए चंद्रशेखर आजाद ने बिनोद साहनी हत्याकांड के संदर्भ में सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि अगर किसी व्यक्ति ने फेसबुक पर आपत्तिजनक पोस्ट की है तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा सकती है, लेकिन पोस्ट के जवाब में हत्या करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और संवैधानिक व्यवस्था में किसी पोस्ट के बदले हत्या का चलन खतरनाक है। उनका कहना था कि कानून हाथ में लेने की जगह संविधान के आधार पर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने ‘आंख के बदले आंख’ और ‘हत्या के बदले हत्या’ की मानसिकता को लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा बताया। अब रविवार को चंद्रशेखर आजाद के गोंडा पहुंचने के बाद पुलिस-प्रशासन और उनके समर्थकों के बीच स्थिति कैसी रहती है, इस पर नजर रहेगी। प्रशासन ने उन्हें गांव में प्रवेश की अनुमति नहीं देने की बात कही है, जबकि आजाद पीड़ित परिवार से मिलने पर अड़े हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *