![]()
पीलीभीत जिले में एक सड़क हादसे में एक बाइक सवार की मौत हो गई। दियोरिया कला कोतवाली क्षेत्र के बेनीपुर चौकी इलाके में शुक्रवार देर रात यह घटना हुई। यहां ढकिया गांव के पास एक पुल पर अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे 55 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान बेनीपुर चौकी क्षेत्र के ढकिया गांव निवासी 55 वर्षीय हरिशंकर (पुत्र चेतराम) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, हरिशंकर शुक्रवार को किसी निजी काम से अपनी रिश्तेदारी में गए थे। शुक्रवार रात करीब 9 बजे जब वह अपनी बाइक से गांव लौट रहे थे, तभी ढकिया गांव के पास पुल पर एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हरिशंकर बाइक से सड़क पर गिर गए। उनके सिर में गंभीर चोटें आईं और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद वहां से गुजर रहे ग्रामीण जमा हो गए। ग्रामीणों ने तुरंत इस घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दी। खबर सुनते ही परिवार के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। घटना की सूचना मिलते ही दियोरिया कला कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने हालात देखे और कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। दियोरिया कला कोतवाली प्रभारी गौतम सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों की शिकायत पर कानूनी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने हादसा कर फरार हुए अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है।
Source link