![]()
लखनऊ में सीएम योगी की अध्यक्षता में सोमवार सुबह 10 बजे कैबिनेट बैठक हुई। इसमें 28 प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई। इनमें तीन प्रमुख प्रस्ताव हैं। पहला- यूपी के होमगार्ड्स और उनके परिवार के लिए अब 5 लाख रुपए तक की कैशलेस इलाज सुविधा मिलेगी। प्रदेश में अभी 1.18 लाख होमगार्ड हैं। इसके अलावा 41 हजार होमगार्ड की भर्ती प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। ऐसे में 1.60 लाख से अधिक होमगार्ड और उनके परिजन इस योजना का लाभ उठा सकेंगे। दूसरा- शाहजहांपुर के जलालाबाद का नाम बदलकर परशुरामपुरी करने के प्रस्ताव पर भी मुहर लगा दी गई है। कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि जलालाबाद भगवान परशुराम की जन्मस्थली के रूप में माना जाता है। यूपी सरकार ने 25 जून 2025 को नाम परिवर्तन का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा था। केंद्र से नो-ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) मिलने के बाद कैबिनेट ने इसे मंजूरी दी। तीसरा- वाराणसी में ESIC मेडिकल कॉलेज की स्थापना को भी मंजूरी दी गई है। मेडिकल कॉलेज की 50% सीटें श्रमिकों के बच्चों के लिए आरक्षित रहेंगी। अब कैबिनेट में पास प्रस्तावों के बारे में विस्तार से पढ़िए 1- यूपी में बनेगा स्टार्टअप मिशन डायरेक्टरेट उत्तर प्रदेश स्टार्टअप मिशन डायरेक्टरेट की स्थापना होगी। इसके लिए एंपावरमेंट कमेटी बनाई जाएगी, जिसके हेड चीफ सेक्रेटरी होंगे। यूपी स्टार्टअप नीति-2026 और डेटा सेंटर पॉलिसी को भी मंजूरी मिली है। 1000 करोड़ के स्टार्टअप फंड में 400 करोड़ एकेटीयू का रखा गया है। इससे 50 हजार रोजगार भी मिलेंगे। बुंदेलखंड और पूर्वांचल को अतिरिक्त प्रोत्साहन देने के साथ ही 2 लाख करोड़ से अधिक निवेश का लक्ष्य रखा गया है। 2- पशुपालकों के लिए बीमा योजना को मंजूरी पशुपालकों के लिए मुख्यमंत्री जोखिम प्रबंधन एवं पशुधन बीमा योजना सभी 75 जिलों में लागू होगी। इसमें प्रीमियम का 85% हिस्सा राज्य सरकार वहन करेगी, जबकि 15% राशि पशुपालकों को देनी होगी। कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि योजना के तहत प्रत्येक पशुधन की बीमा योग्य कीमत तय की जाएगी। मुर्रा भैंस का मूल्य 75 हजार रुपए निर्धारित किया गया है। विदेशी, हरियाणवी और साहीवाल/गिर नस्ल की गायों का मूल्य 50 से 65 हजार रुपए के बीच होगा। बैल का मूल्य 40 हजार, घोड़ा 60 हजार, जबकि खच्चर, गधा आदि का मूल्य 20 हजार रुपए तय किया गया है। भेड़ और बकरी की बीमा योग्य कीमत 6,500 रुपए होगी। प्रदेश की गोशालाओं में वर्तमान में करीब 1.35 लाख गोवंश हैं, जिनके रखरखाव पर रोजाना करीब 8 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। बीमा प्रीमियम में केंद्र सरकार 51%, राज्य सरकार 34% और पशुपालक 15% हिस्सा वहन करेंगे। दैवीय आपदा, बीमारी या दुर्घटना से पशु की मृत्यु होने पर बीमा का लाभ मिलेगा। 3- गोरखपुर- मुरादाबाद में श्रमिकों के लिए बनेगा अस्पताल गोरखपुर और मुरादाबाद में श्रमिकों के लिए 100-100 बेड के ईएसआईसी अस्पताल बनाए जाएंगे। वहीं, वाराणसी में ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए निशुल्क भूमि आवंटन को मंजूरी दी गई है। कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने बताया कि मुरादाबाद और गोरखपुर में 100-100 बेड के ईएसआईसी अस्पतालों के निर्माण के लिए पांच-पांच एकड़ जमीन आवंटित की गई है। वहीं, वाराणसी में 13 एकड़ भूमि पर ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज बनाया जाएगा। मेडिकल कॉलेज की 50% सीटें श्रमिकों के बच्चों के लिए आरक्षित रहेंगी। यानी कुल 50 सीटों में से 25 सीटें श्रमिकों के बच्चों को मिलेंगी 4- इंटरनेशनल लेवल पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों की सीधी भर्ती होगी अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों की सीधी भर्ती नियमावली-2022 में संशोधन को भी मंजूरी दी है। अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सरकार सीधे नियुक्ति दे सकेगी। मंत्री गिरीश यादव ने बताया कि ओलंपिक, महिला ओलंपिक, एशियाई खेल समेत अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के पदक विजेताओं को उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की चयन प्रक्रिया से अलग सीधे सरकारी नौकरी दी जाएगी। यह व्यवस्था समूह ‘क’ और समूह ‘ख’ के पदों पर लागू होगी। इसके तहत 9 पदों पर क्रीड़ा अधिकारी, 9 पदों पर जिला युवा कल्याण अधिकारी और 23 पदों पर उप क्रीड़ा अधिकारी की सीधी भर्ती की जाएगी। इन पदों पर कांस्य और रजत पदक विजेता खिलाड़ियों को नियुक्ति का अवसर मिलेगा। 5- कानपुर में खुलेगा पहला प्राइवेट एग्रीकल्चर विश्वविद्यालय इसके अलावा प्रदेश में तीन निजी विश्वविद्यालयों की स्थापना को भी मंजूरी मिली है। कानपुर के बिल्हौर में महर्षि महेश योगी इंटरनेशनल एग्रीकल्चर विश्वविद्यालय, गाजियाबाद में अजय कुमार गर्ग विश्वविद्यालय और फतेहपुर में ठाकुर युगराज सिंह विश्वविद्यालय स्थापित किए जाएंगे। वहीं, रायबरेली में उद्यान महाविद्यालय एवं रिसर्च सेंटर की स्थापना के लिए 20 हेक्टेयर भूमि आवंटित करने और 50 करोड़ रुपए की धनराशि उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। 6- त्रिस्तरीय पंचायती राज संस्थाओं के लिए 14,988.50 करोड़ रुपए की मंजूरी कैबिनेट के अन्य प्रमुख फैसले… ——————— ये खबर भी पढ़ें… दरोगा को 2 सेकेंड में ताबड़तोड़ 3 थप्पड़ मारे, VIDEO:हमीरपुर में ट्रक के केबिन से चुराए 20 हजार रुपए; ड्राइवर ने 13 KM पीछाकर पकड़ा हमीरपुर में ट्रक के केबिन से 20 हजार रुपए चोरी करने के आरोप में एक दरोगा की ट्रक चालक ने सोमवार सुबह करीब 9.30 बजे सरेआम पिटाई कर दी। ड्राइवर ने हाईवे पर दरोगा का कॉलर पकड़ा और ताबड़तोड़ कई थप्पड़ जड़ दिए। सामने आए वीडियो में महज 2 सेकेंड में ताबड़तोड़ तीन थप्पड़ मारे हैं। मारपीट में दरोगा की वर्दी भी फट गई। पूरी खबर पढ़ें
Source link