![]()
मुज़फ़्फ़रनगर में बच्चों की परवरिश सिर्फ उन्हें अच्छी शिक्षा दिलाने और परीक्षा में अच्छे अंक लाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें सही-गलत की पहचान, जिम्मेदारियां निभाने और जीवन की चुनौतियों का सामना करना भी सिखाना जरूरी है। इसी सोच के साथ जानसठ रोड स्थित आशीर्वाद वेंकट में दून वैली और नचिकेता ग्रुप ऑफ स्कूल्स की ओर से बुधवार सुबह 10 बजे अभिभावकों के लिए एक खास जागरूकता सत्र आयोजित हुआ। इस कार्यक्रम में अभिभावकों के साथ बच्चों की बेहतर परवरिश, माता-पिता और बच्चों के बीच मजबूत बॉन्डिंग और बदलते डिजिटल दौर की चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा हुई। सत्र में दून वैली और नचिकेता ग्रुप ऑफ स्कूल्स के डायरेक्टर अनुराग सिंघल ने कहा कि बच्चों के साथ मजबूत और भरोसेमंद रिश्ता बनाना आज के समय की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने अभिभावकों को बच्चों के साथ बातचीत बढ़ाने और उन्हें सिर्फ निर्देश देने के बजाय जीवन की प्रैक्टिकल बातें समझाने पर जोर दिया। उन्होंने यह भी कहा कि बच्चों को शुरू से सही और गलत की पहचान कराना जरूरी है। इसके साथ ही उन्हें हर महीने का बजट बनाना, पैसे और जरूरतों की अहमियत समझना और सामाजिक कार्यक्रमों में सही बर्ताव करना भी सिखाया जाना चाहिए। अनुराग सिंघल ने डिजिटल दौर में सोशल मीडिया और स्क्रीन टाइम के बढ़ते असर पर भी अभिभावकों को जागरूक किया। उन्होंने बताया कि मोबाइल और सोशल मीडिया आज बच्चों की जिंदगी का हिस्सा बन चुके हैं, लेकिन उनका संतुलित इस्तेमाल बहुत जरूरी है। अभिभावकों को बच्चों के स्क्रीन टाइम पर नजर रखने के साथ-साथ उन्हें डिजिटल दुनिया के फायदे और नुकसान दोनों बताने चाहिए। कार्यक्रम में बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी विस्तार से बताया गया। अनुराग सिंघल ने जानकारी दी कि दून वैली और नचिकेता ग्रुप की सभी शाखाओं को टेक्निकल सुविधाओं से जोड़ा गया है। स्कूल परिसरों में निगरानी व्यवस्था मजबूत करने के लिए कैमरों और दूसरे टेक्निकल साधनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। साथ ही, बच्चों के स्कूल आने-जाने पर भी खास नजर रखी जाती है।
Source link