![]()
सीतापुर में लगातार हो रही बारिश के बीच बिजली कटौती ने ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा दी है। खैराबाद थाना क्षेत्र की मजलिसपुर ग्राम पंचायत के कई मजरों में पिछले पांच दिनों से बिजली आपूर्ति ठप है। इससे नाराज सैकड़ों ग्रामीण गुरुवार सुबह नैपालापुर पावर हाउस पहुंच गए। ग्रामीणों ने पावर हाउस का घेराव कर हंगामा किया और बिजली विभाग पर शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं करने का आरोप लगाया। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार पांच दिनों से गांवों में बिजली नहीं आ रही है। इससे घरेलू कामकाज प्रभावित हो रहा है। मोबाइल चार्ज करने, पानी की व्यवस्था करने और अन्य जरूरी कामों के लिए भी लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक, बिजली समस्या को लेकर कई बार विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। बड़ी संख्या में पावर हाउस पहुंचे ग्रामीण लगातार पांच दिन तक बिजली नहीं आने से परेशान ग्रामीण गुरुवार सुबह बड़ी संख्या में नैपालापुर पावर हाउस पहुंच गए। यहां उन्होंने बिजली आपूर्ति बहाल कराने की मांग को लेकर घेराव कर दिया और नारेबाजी करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। अचानक बड़ी संख्या में ग्रामीणों के पहुंचने से पावर हाउस परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। पुलिस ने समझाकर कराया शांत हंगामे की सूचना मिलते ही थाना कोतवाली देहात प्रभारी अमर सिंह के निर्देशन में नैपालापुर पुलिस चौकी से सौरभ कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद बिजली विभाग के अधिकारियों से ग्रामीणों की बातचीत कराई गई। जेई बोले- दो घंटे में बहाल होगी बिजली बिजली विभाग के जेई नीरज कुमार ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि करीब दो घंटे के भीतर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। विभागीय अधिकारी के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए। पुलिस ने उन्हें समझाकर वापस घर भेज दिया। सप्लाई नहीं आई तो फिर आंदोलन की चेतावनी ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय में बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो वे दोबारा आंदोलन करने को मजबूर होंगे। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के बीच लगातार पांच दिन तक बिजली गुल रहने से उनकी मुश्किलें बढ़ गई हैं और अब उन्हें तत्काल राहत चाहिए।
Source link