![]()
फर्रुखाबाद के कमालगंज थाना क्षेत्र के ग्राम छीता कपूरापुर की कटरी में सोमवार शाम करीब 6 बजे बोरे में एक डीसीएम चालक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। निर्माणाधीन सड़क के किनारे बनी खंती में बोरा पड़ा देखकर ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान शाहजहांपुर जिले के जलालाबाद थाना क्षेत्र के पुरैना गांव निवासी युवक के रूप में हुई है। पुलिस ने बोरा खोलकर देखा तो उसमें युवक का शव पड़ा था। उसके हाथ-पैर बंधे हुए थे और शरीर पर चोट के कई निशान मिले। आंख, नाक और गले पर भी गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या करने के बाद शव को बोरे में भरकर यहां फेंका गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। मोबाइल, नकदी और पेट्रोल पंप की पर्ची मिली तलाशी के दौरान युवक की लोवर की जेब से एक मोबाइल फोन, 20 रुपये नकद और इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप की एक पर्ची बरामद हुई। पर्ची दिल्ली के मुकुंदपुर चौक स्थित पेट्रोल पंप की बताई जा रही है, जिस पर 5 जुलाई को पेट्रोल भरवाने का उल्लेख है। पुलिस मोबाइल और पर्ची के आधार पर मृतक की गतिविधियों और घटना की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। शरीर पर बने टैटू भी जांच का आधार पुलिस के अनुसार, युवक के बाएं हाथ पर ‘Mom Dad’, दाएं हाथ पर ‘मां’ गुदा हुआ था। वहीं सीने के पास ‘सोनेलाल’ और ‘अर्चना’ नाम भी लिखे मिले हैं। पुलिस इन तथ्यों के आधार पर भी जांच आगे बढ़ा रही है और हत्या के कारणों तथा आरोपियों की तलाश में जुटी है।
Source link