Sorting by

×


विकास अवस्थी | कन्नौज4 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

कन्नौज के उमर्दा स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर वेजिटेबल में इन दिनों अलग-अलग सब्जियों की करीब 3.50 लाख पौध तैयार हैं। किसानों की ओर से उपलब्ध कराए गए बीजों से इजरायल की तकनीक के आधार पर पौध तैयार की गई है। सेंटर के मुताबिक, तकनीकी तरीके से तैयार पौध से किसानों को बेहतर उत्पादन मिलने की उम्मीद रहती है।

शिमला मिर्च से लेकर टमाटर और गोभी की पौध तैयार

सेंटर में कलर्ड शिमला मिर्च, अचार मिर्च, टमाटर, गोभी, बैंगन, लौकी और सहजन समेत कई सब्जियों की पौध तैयार की जा रही है। औरैया, कानपुर देहात, इटावा, हरदोई, फर्रुखाबाद समेत आसपास के जिलों के करीब 45 किसानों ने पौध तैयार कराने के लिए अपने बीज सेंटर को दिए थे।

सब्जियों की पौध तैयार होने में करीब 30 से 35 दिन का समय लगता है। इसके लिए पॉलीहाउस का तापमान 28 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच बनाए रखना पड़ता है। तापमान नियंत्रित करने के लिए पॉलीहाउस के एक तरफ बड़े एग्जॉस्ट फैन और दूसरी तरफ कूलिंग पैड लगाए गए हैं।

किसान अपने बीज से भी तैयार करा सकते हैं पौध

सेंटर इंचार्ज प्रवीण पटेल ने बताया कि किसान अपनी पसंद के बीज देकर सेंटर से पौध तैयार करा सकते हैं। इसके अलावा सेंटर की ओर से उन्नत किस्मों की पौध भी तैयार की जाती है।

किसान अपने बीज से पौध तैयार कराते हैं तो उन्हें प्रति पौधा एक रुपए की दर से शुल्क देना होता है। वहीं, सेंटर की ओर से तैयार की गई सामान्य सब्जियों की पौध लेने पर दो रुपए प्रति पौधे के हिसाब से भुगतान करना पड़ता है। शिमला मिर्च की पौध की कीमत तीन रुपए प्रति पौधा है।

फंगस से बचाने के लिए लोहे की टेबल पर उगाई जाती है पौध

प्रवीण पटेल ने बताया कि पौध को फंगस और अन्य रोगों से बचाने के लिए लोहे की टेबल पर प्लास्टिक की ट्रे रखकर पौध तैयार की जाती है। इससे मिट्टी के सीधे संपर्क में आने से होने वाले संक्रमण का खतरा कम होता है।

पौध की सिंचाई और दवा के छिड़काव के लिए लोहे के पाइप के जरिए विशेष व्यवस्था की गई है। सेंटर के अनुसार, इन तकनीकों के इस्तेमाल से करीब 90 प्रतिशत तक पौध बेहतर स्थिति में तैयार हो जाती है। इसका सीधा लाभ किसानों को मिलता है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *