![]()
बस्ती जिले के दुबौलिया थाना क्षेत्र के सिसौनी गांव में सोमवार रात एक बजे घर में सो रहे दो सगे भाइयों को सांप ने काट लिया। इस घटना में छोटे भाई सचिन (19) की मौत हो गई, जबकि बड़े भाई अमरजीत (21) की हालत गंभीर बनी हुई है। उसका इलाज गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। सिसौनी गांव निवासी घनश्याम के बेटे सचिन और अमरजीत सोमवार रात अपने घर में सो रहे थे। बताया जा रहा है कि इसी दौरान दोनों भाइयों को सांप ने डस लिया। कुछ देर बाद जब उनकी तबीयत बिगड़ने लगी, तब परिजनों को घटना की जानकारी हुई।
परिजनों ने तुरंत दोनों भाइयों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। हालांकि, गोरखपुर ले जाते समय रास्ते में सचिन की हालत और बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। बड़े भाई अमरजीत की स्थिति अभी भी नाजुक बनी हुई है और उसका उपचार गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में जारी है। एक ही रात में परिवार के दो बेटों को सांप के काटने की इस घटना से गांव में मातम पसर गया है। सचिन की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई, और ग्रामीण भी इस घटना से स्तब्ध हैं।
Source link