![]()
बागपत की खेकड़ा कोतवाली पुलिस ने बड़ागांव के पास चेकिंग अभियान के दौरान एक बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार बदमाश की पहचान गाजियाबाद निवासी शहजाद के रूप में हुई है, जो नलकूप उपकरण चोर गिरोह का सक्रिय सदस्य है। पुलिस ने उसे उस समय पकड़ा जब वह बिना नंबर प्लेट की बाइक पर बड़ागांव पहुंचा था। पुलिस टीम को देखकर शहजाद ने फायरिंग कर दी और मौके से फरार होने की कोशिश की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है और पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से एक तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, एक अवैध मोटरसाइकिल और 15 किलो चोरी किया गया विद्युत तार बरामद किया गया है। शहजाद पर गाजियाबाद, हापुड़ और बागपत सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों में 14 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी। सीओ रोहन चौरसिया ने बताया कि शहजाद ने बागपत में चोरी की कई वारदातों को अंजाम दिया था। दो दिन पहले हुई एक अन्य मुठभेड़ में भी वह शामिल था, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया था। अब घेराबंदी कर उसे मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस आगे की जांच कर रही है।
Source link