Sorting by

×




उन्नाव के बिहार थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर सड़क किनारे एक अज्ञात महिला का शव मिला। यह शव बिहार-मौरावां मार्ग पर खिझौली गांव के सामने बरामद हुआ। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राहुल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस को सोमवार दोपहर करीब 3 बजे इस घटना की जानकारी मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। महिला की उम्र लगभग 40 वर्ष बताई जा रही है। वह लाल रंग की शर्ट और हरे-चितकबरे रंग का लोवर पहने हुई थी। पुलिस के अनुसार, शव लगभग एक दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। आसपास के लोगों ने महिला की पहचान नहीं की। स्थानीय लोगों में हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी किसी संभावना से इनकार नहीं किया है और सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर महिला की पहचान करने का प्रयास किया, लेकिन देर शाम तक शिनाख्त नहीं हो सकी। थाना प्रभारी राहुल सिंह ने बताया कि अज्ञात महिला के शव को पहचान के लिए उन्नाव की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है। महिला की शिनाख्त के लिए आसपास के थानों और अन्य जनपदों को भी सूचना भेजी जा रही है, ताकि गुमशुदगी के मामलों से मिलान किया जा सके। उन्होंने बताया कि शव की पहचान होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है और महिला की शिनाख्त कराने के प्रयास जारी हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *