Sorting by

×




यूपी में विधानसभा के चुनाव 2027 में हैं। राजनीति गलियारे में इसकी हलचल तेज हो गई है। गोरखपुर में समाजवादी पार्टी जमीनी स्तर पर लोगों को जोड़ने का काम शुरू कर दी है। विधानसभा चुनाव और गोरखपुर के विकास को लेकर दैनिक भास्कर ने सपा जिलाध्यक्ष बृजेश कुमार गौतम से बातचीत की। इस दौरान जिलाध्यक्ष ने माफिया और मच्छर को लेकर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि यहां से न तो माफिया खत्म हुए हैं और न ही मच्छरों का आतंक खत्म हुआ है। आज भी दुकानों पर खूब मच्छरदानी बिक रही है और गरीबों की जमीन पर माफिया कब्जा कर रहे हैं। दैनिक भास्कर से बातचीत को पढिए: सवाल: 2027 में विधानसभा के चुनाव है, सपा जमीनी स्तर पर क्या काम कर रही है? जवाब: देखिए समाजवादी पार्टी हमेशा से जमीनी स्तर पर काम करती है। PDA की जोड़ते हुए आगे बढ़ रहे हैं। इसके अलावा बूथ को हमलोग मजबूत करने का काम कर रहे हैं। क्योंकि चुनाव में जो बूथ जीतता है उसी की जीत होती है। इसी लिए हमने 1 बूथ पर 10 यूथ का रोड मैप तैयार किया है। जिले में 4039 बूथ हैं, हमारे सभी बूथ पर सभी पदाधिकारी तैयार हैं। सवाल: गोरखपुर मंडल की कुल 9 सीटें बीजेपी के झोली में है, कैसे जीतने का प्लान है? जवाब: देखिए अखिलेश यादव जी ने जो नारा दिया PDA का वो इतना जोर पकड़ रहा है। जिसका काट किसी विरोधी पार्टी के पास नहीं है। इसी नारे के दम पर हमने 2024 में दलित, शोषित और सताये हुए लोगों की आवाज बनने का काम किया है। वो चाहे किसी भी जाती धर्म का क्यों ना हो हमारे पार्टी में सबके लिए जगह है। इसका जीता जागता उदाहरण 2024 का लोक सभा का चुनाव है। जहाँ यूपी की जनता ने बीजेपी को नाकारा है और सपा का साथ दिया है। सवाल: बीजेपी के नेता कहते हैं कि सपा PDA को लेकर असमंजस में रहती है? जवाब: देखिए असमंजस में कौन है ये जनता जान चुकी है। PDA में आने वाले वो सभी लोग है जो पीड़ित हैं, दलित है, सताये हुए है। वो सब लोग इसी में आते है। आज सीएम सिटी में इतनी बड़ी बड़ी घटना हो रही। यहीं पर हत्या, रेप, दबंगई हो रही है। अभी कुछ दिन पहले यहां की जेल से कैदी फरार हो जा रहा। कोई जिम्मेदारी नहीं ले रहा। मुख्यमंत्री जी से जिला संभल नहीं रहा। जनता PDA से जुड़कर इस बार इनकी विदाई करेगी। सवाल: गोरखपुर में विकास हुआ है? जवाब: सीएम को यहां पर 9 साल से ऊपर का समय हो गया। जितना विकास होना चाहिए उतना नहीं हुआ है। मोहल्ले में नाली, सकड़ पानी की हालत खराब है। सीएम को इसका जिम्मेदारी लेनी चाहिए। गोरखपुर में हुई मामूली बारिश से नाले जाम हो जा रहे। सड़कें तालाब बन जाती है। कोई भी सीवर काम नहीं करता है। जितने भी काम शुरू हुए थे वो सब अधूरे पड़े हुए है। वो कब बनेगा कोई ठिकाना नहीं है। सवाल: 2027 चुनाव में उम्मीदवारों की लिस्ट में कितना नयापन आएगा? जवाब: ये फैसला हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष का फैसला है। मैं बस इतना कहूंगा की अगर हार-जीत का अंतर अधिक हो तो उनको चेहरा जरूर बदलना चाहिए। सवाल: गोरखपुर में चुनाव का क्या मुद्दा रहेगा? जवाब: जो मुद्दा पूरे प्रदेश का है उससे बढ़कर गोरखपुर का मुद्दा होने वाला है। क्योंकि यह सीएम सिटी है। यहां पर अपराध को कम करने का सबसे बड़ा मुद्दा रहेगा। इस सरकार में अपराध तो एकदम से चरम पर है। कोई भी ऐसा वर्ग नहीं है जिसके ऊपर अपराध न हुआ हो है। हत्या, लूट, डकैती, रेप-बलात्कार जैसी घटनाएं बढ़ गई हैं। दूसरा मुद्दा यहां की छात्र राजनीति से जुड़ा हुआ है। सालों से विश्वविद्यालय में छात्र संघ चुनाव बंद है। उस पर भी हम लोग बात करेंगे। पहले जमीनी स्तर से छात्र पढ़ाई करके राजनीति में आते थे तो विकास के संभावनाएं अधिक थे। छात्र से जुड़ी मु्द्दे पर सरकार का कोई भी बयान नहीं आता है। यह बात सबको पता है कि यूपी में आरएसएस और बीजेपी के मिली भगत से हजारों करोड़ की चंदा चोरी हुई है। दिखाने के लिए बस छोटी छोटी मछलियों को पकडी गई है। बड़ी मछली (रोहू) आजाद तैर रही है। सवाल: बीजेपी कहती है कि- माफिया और मच्छर यहां से पलायन कर गए हैं जवाब: अगर माफिया सबसे ज्यादा है तो वो बीजेपी में ही हैं। अभी कुछ दिन पहले कोर्ट ने आदेश जारी किया था कि सरकार माफियाओं की लिस्ट जारी करे, लेकिन ये सरकार किस मजबूरी में लिस्ट नहीं जारी करती है। इसका मतलब ये है कि सबसे अधिक यही पर पल रहे हैं। दूसरी बार जहां तक रही मच्छर की बात तो गोरखपुर में मच्छदानी की सेल तेज हो गई है। बिना उसको लगाए आप सो नहीं सकते। मुख्यमंत्री मच्छर नहीं भागा पाए तो माफिया क्या भगाएंगे। माफिया और मच्छर को भगाने का काम सिर्फ और सिर्फ समाजवादी पार्टी ही करेगी। सवाल: अगर सपा वापसी करती है तो गोरखपुर को क्या मिलेगा? जवाब: यहां जो भी विकास हुआ है सीएम ने अपने इलाके में बस करवाया है। पिपराइच, कैम्पियरगंज या सदर हो वो अपना ध्यान दिए है। इसी से बगल में बांसगांव में 3 विधानसभा हैं। किसी में विकास नहीं हुआ है। जब मेरी सरकार आएगी तो सबसे पहला काम है बांसगांव क्षेत्र में महिलों के लिए डिग्री कॉलेज और अस्पताल खोलने का काम किया जाएगा। सवाल: सपा पर हमेशा माफिया को पालने का आरोप लगता है। इसको कैसे देखते हैं? जवाब: ये पूरी तरह से झूठा आरोप है। इसी सरकार में कितने लोग पल रहे। यहां तक खुद मुख्यमंत्री पर 12-16 मुकदमें लगे थे। अब सरकार बनते ही सब हटवा लिया। आप इसी से अंदाजा लगा लीजिए कौंन माफिया पाल रहा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *