![]()
सोनभद्र में हाथीनाला पुलिस और एएनटीएफ यूनिट लखनऊ की संयुक्त टीम ने ऑपरेशन शुद्धि के तहत एम्बुलेंस से गांजा तस्करी का खुलासा किया है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एम्बुलेंस के फर्श के नीचे बने गुप्त कैबिनेट से 81.300 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया। इसकी अनुमानित कीमत 41 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार कर एम्बुलेंस भी जब्त कर ली है। बरामदगी की कुल अनुमानित कीमत करीब 48 लाख रुपये है। पुलिस के अनुसार, 24/25 अगस्त की रात एएनटीएफ यूनिट लखनऊ को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक एम्बुलेंस के जरिए ओडिशा से गांजे की तस्करी की जा रही है। सूचना पर टीम सोनभद्र पहुंची और जानकारी जुटाई। पता चला कि गांजा ओडिशा के संबलपुर से एम्बुलेंस में लादकर दुद्धी मार्ग होते हुए सुल्तानपुर ले जाया जा रहा है।
इसके बाद हाथीनाला तिराहे के पास चेकिंग शुरू की गई। इसी दौरान एम्बुलेंस संख्या WB04F3083 को रोकने का प्रयास किया गया। चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर वाहन के केबिन के फर्श में एल्यूमीनियम की चादर के नीचे गुप्त कैबिनेट बना मिला। इसमें 36 टेपशुदा बंडलों में 81.300 किलो गांजा छिपाकर रखा गया था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान समीर सरकार (35) पुत्र त्रिशंकु सरकार, निवासी निशीन्दरा कॉलोनी, फरक्का, मुर्शिदाबाद, पश्चिम बंगाल के रूप में हुई। उसकी तलाशी में एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 1,100 रुपये नकद बरामद हुए। संबलपुर से सुल्तानपुर पहुंचाना था गांजा पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि गांजा ओडिशा के संबलपुर से एम्बुलेंस में लोड कराया गया था। उसे सुल्तानपुर पहुंचाना था। वहां फोन के जरिए संपर्क करने वाला व्यक्ति या पार्टी वाहन को ले जाकर गांजा उतरवाती और इसके बदले आरोपी को रकम देती थी। आरोपी ने एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर गांजा तस्करी करने और मुनाफा आपस में बांटने की बात भी बताई। पुलिस के अनुसार, एम्बुलेंस की अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपये है। मामले में थाना हाथीनाला में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Source link