![]()
समाजवादी पार्टी जिला कार्यालय ककोर में मंगलवार को सामाजिक न्याय के पुरोधा और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री बाबू बिंदेश्वरी प्रसाद उर्फ बीपी मंडल की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता सपा जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने की, जहां उनके छवि चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। सपा जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने इस अवसर पर कहा कि बीपी मंडल सामाजिक न्याय के प्रबल समर्थक थे। उन्होंने पिछड़े वर्ग की दिशा और दशा सुधारने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। मंडल आयोग के अध्यक्ष के रूप में, उन्होंने पिछड़े वर्गों की सामाजिक, शैक्षिक और आर्थिक स्थिति का गहन अध्ययन किया। उनके द्वारा प्रस्तुत महत्वपूर्ण सिफारिशों ने देश में सामाजिक न्याय की अवधारणा को मजबूत किया और वंचितों के उत्थान का मार्ग प्रशस्त किया। गौतम ने बताया कि बीपी मंडल के पिता रास बिहारी लाल मंडल ने भी सामाजिक रूढ़ियों और भेदभाव के खिलाफ अभियान चलाया था। बीपी मंडल ने इसी विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए वंचित और पिछड़े वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया। मंडल आयोग ने वर्ष 1980 में अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिसकी सिफारिशों को वर्ष 1990 में लागू किया गया। इसके बाद पिछड़े वर्गों को आरक्षण का लाभ मिलने का रास्ता मजबूत हुआ। कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने बीपी मंडल के जीवन और उनके सामाजिक योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि उनके विचार आज भी सामाजिक समानता और न्याय की दिशा में अत्यंत प्रासंगिक हैं। कार्यकर्ताओं ने उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस मौके पर स्नातक एमएलसी के प्रत्याशी शंशाक यादव, पूर्व राज्य मंत्री राम बाबू यादव, पूर्व विधायक मदन सिंह गौतम, लाल जी शुक्ला, महेंद्र त्रिपाठी, मधु यादव, भगवती निषाद, रंजना पाल, सुमन दिवाकर, अनवर यादव, रानू पालीवाल, टिल्लू राजपूत, विधानसभा अध्यक्ष राजकुमार गौतम, डॉक्टर राज्यपाल कश्यप, हरिशंकर दिवाकर, मूलचंद पाल, राजू मिश्रा, बैकुंठ यादव, राकेश यादव, हरिशंकर यादव, रामरतन दोहरे, अर्पित पोरवाल समेत सपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Source link