![]()
बांदा के अतर्रा कस्बे में एक युवक ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। राजनगर निवासी 22 वर्षीय सत्यम गुप्ता ने रविवार देर शाम अपने घर में फंदा लगाकर जान दे दी। पेंटिंग के काम से लौटे पिता कमलेश गुप्ता ने सत्यम को आवाज दी, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद छोटे भाई शिवम ने दीवार के रास्ते आंगन में पहुंचकर सत्यम को फंदे से लटका देखा। उसे तुरंत नीचे उतारा गया और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया। गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज बांदा रेफर किया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मृतक के भाई शिवम ने आरोप लगाया है कि उनकी मां गोमती को कुलकुम्हारी गांव निवासी रामभवन गुप्ता फोटो और वीडियो को लेकर ब्लैकमेल करता था। इसी उत्पीड़न से परेशान होकर मां गोमती ने 1 अगस्त को आत्महत्या कर ली थी। शिवम के अनुसार, मां की मौत के बाद आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई थी। सत्यम भी कोतवाली गए थे, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हुई। इस घटना के बाद सत्यम तनाव में था। शिवम ने पुलिस को एक सुसाइड नोट सौंपने की बात कही है। सत्यम दो भाइयों में बड़ा और अविवाहित था। इस घटना से पिता कमलेश और भाई शिवम गहरे सदमे में हैं। हालांकि, कोतवाली प्रभारी राकेश तिवारी ने सुसाइड नोट या किसी शिकायती पत्र के मिलने से इनकार किया है।
Source link