![]()
मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के तहत विकसित हो रही ग्रेटर बरेली योजना में बरेली विकास प्राधिकरण एक अनूठी पहल के रूप में भव्य कैनाल फ्रंट विकसित करेगा। योजना के सेक्टर-1 हिमाद्रि एन्क्लेव और सेक्टर-2 शिवालिक एन्क्लेव के बीच से गुजरने वाली जलधारा के दोनों ओर विकसित होने वाला यह कैनाल फ्रंट आने वाले समय में शहर की नई पहचान, सार्वजनिक आकर्षण और पर्यटन केंद्र बनेगा। सुबह की सैर, खेल और खान-पान का नया ठिकाना
पीलीभीत रोड से शुरू होकर योजना के बीच से गुजरने वाली इस जलधारा के दोनों किनारों को योजनाबद्ध तरीके से संवारा जाएगा। यहां पैदल पथ, साइकिल मार्ग, जॉगिंग ट्रैक, हरित क्षेत्र, पुष्प सज्जा, फव्वारे, आकर्षक लाइटें, बच्चों के खेल क्षेत्र, बैठने के स्थान और खान-पान के केंद्र विकसित होंगे। इसका उद्देश्य लोगों को ऐसा खुला सार्वजनिक स्थान उपलब्ध कराना है, जहां वे सुबह की सैर के साथ परिवार और दोस्तों के साथ फुर्सत के पल बिता सकें। फूलों की खुशबू और रोशनी से जगमगाएगा किनारा
कैनाल फ्रंट के दोनों किनारों पर आकर्षक पुष्प और उद्यान सज्जा की जाएगी। विभिन्न प्रजातियों के फूलों और रचनात्मक डिजाइनों से पूरे क्षेत्र को मनमोहक रूप मिलेगा। जलधारा के विभिन्न हिस्सों में फव्वारे लगेंगे और विशेष रोशनी के इंतजाम से शाम के समय पूरा क्षेत्र आकर्षक नजर आएगा। वार्षिक पुष्प प्रदर्शनी के लिए मिलेगा बड़ा मंच
भविष्य में कैनाल फ्रंट पर वार्षिक पुष्प प्रदर्शनी आयोजित करने की योजना है। इसके लिए शहर की सामाजिक संस्थाओं, उद्यान प्रेमियों और अन्य संगठनों को जनभागीदारी के जरिए मंच मिलेगा। इससे शहर में पुष्प संस्कृति को बढ़ावा मिलने के साथ एक विशिष्ट पर्यटन पहचान भी मिलेगी। कलात्मक आकृतियां और खेल गतिविधियां बनेंगी आकर्षण
कैनाल फ्रंट के अलग-अलग हिस्सों में विभिन्न विषयों पर आधारित कलात्मक संरचनाएं बनाई जाएंगी। इनमें फूलों, पक्षियों, पशु जगत, खेल और विज्ञान से जुड़े मॉडल शामिल होंगे। क्रिकेट का बल्ला, शटलकॉक, ग्लोब जैसी आकृतियां बच्चों और युवाओं को आकर्षित करेंगी। बच्चों के झूले और परिवारों के लिए विश्राम स्थल
बच्चों के लिए झूले और खेल क्षेत्र के साथ परिवारों के बैठने के लिए विशेष जगह बनाई जाएगी। इससे यह स्थल हर उम्र के लोगों के लिए उपयोगी और पसंदीदा सार्वजनिक केंद्र बनेगा।
प्राकृतिक सुंदरता के साथ स्थानीय कारोबार को मिलेगी गति
ग्रेटर बरेली का कैनाल फ्रंट शहर के आधुनिक और हरित स्वरूप को सामने लाएगा। नाथ कॉरिडोर के बाद यह परियोजना बरेली की प्राकृतिक सुंदरता, हरियाली और आधुनिक सुविधाओं को नया मंच देगी। लोगों की आवाजाही बढ़ने से स्थानीय खान-पान, छोटे कारोबार और सेवा क्षेत्र को मजबूती मिलेगी। शहर की नई जीवनरेखा बनेगा ग्रेटर बरेली कैनाल फ्रंट
यह परियोजना केवल सौंदर्यीकरण तक सीमित नहीं है, बल्कि भविष्य के नागरिक जीवन को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम है। जलधारा, हरियाली, रोशनी और मनोरंजन को एक साथ जोड़कर इसे नई जीवनरेखा के रूप में तैयार किया जा रहा है। यह आधुनिक सुविधाओं के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती देगा। आधुनिक और सुव्यवस्थित शहरी क्षेत्र का निर्माण लक्ष्य
बरेली विकास प्राधिकरण का प्रयास है कि ग्रेटर बरेली केवल आवासीय क्षेत्र न रहकर ऐसा आधुनिक क्षेत्र बने, जहां लोग रहने के साथ सुकून से घूम सकें, खेल सकें और स्वस्थ जीवनशैली अपना सकें।बरेली विकास प्राधिकरण इस परियोजना को कमिश्नर के निर्देशन में आगे बढ़ा रहा है। नागरिकों को मिलेगा बेहतर जीवन-पर्यावरण: उपाध्यक्ष
बरेली विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय (आईएएस) ने बताया कि ग्रेटर बरेली को आधुनिक, सुंदर और नागरिक-केंद्रित क्षेत्र के रूप में तैयार किया जा रहा है। कैनाल फ्रंट इसी सोच का अहम हिस्सा है। प्रयास यही है कि हरियाली, रोशनी और खेल सुविधाओं के साथ ऐसा स्थान बने जो लोगों को बेहतर माहौल और शहर को नई पहचान दे। सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से होने वाले आयोजनों के लिए भी यह एक बेहतरीन मंच साबित होगा।
Source link