![]()
दो दिन पहले हुई मूसलाधार बारिश के दौरान शिव चौक पर जलभराव में 45 हजार रुपये का मोबाइल गंवाने वाले डिलीवरी बॉय विशाल की परेशानी अब कम हो गई है। मोबाइल पानी में गिरने के बाद उसे तलाशते-तलाशते भावुक हुए विशाल की मदद के लिए चरथावल विधायक पंकज मलिक आगे आए। विधायक ने गुरुवार सुबह करीब 11 बजे विशाल को अपने आवास पर बुलाकर नया मोबाइल फोन दिया। रामपुरी निवासी विशाल डिलीवरी का काम करता है। दो दिन पहले हुई तेज बारिश के दौरान वह डिलीवरी देने के लिए शिव चौक पहुंचा था। उस समय शिव चौक पर काफी पानी भरा हुआ था। इसी दौरान बाइक फिसलने के कारण उसका मोबाइल पानी में गिर गया। विशाल ने काफी देर तक जलभराव के बीच मोबाइल तलाशने की कोशिश की, लेकिन फोन नहीं मिला। काफी प्रयास के बाद भी मोबाइल नहीं मिलने पर वह भावुक हो गया था। विशाल के मुताबिक उसने करीब 45 हजार रुपये का मोबाइल किस्तों पर खरीदा था। फोन गुम होने तक वह केवल तीन किस्तें ही जमा कर पाया था। मोबाइल खोने से उसके सामने दोहरी परेशानी खड़ी हो गई थी। एक तरफ डिलीवरी के काम के लिए जरूरी फोन चला गया, वहीं दूसरी ओर उसकी बाकी किस्तें भी चुकानी थीं। सीमित आमदनी में नया मोबाइल खरीदना उसके लिए आसान नहीं था। मोबाइल तलाशते समय विशाल ने नगर पालिका और प्रशासन से भी मदद की अपील की थी। उसका कहना था कि वह डिलीवरी का काम करके परिवार चलाता है और मोबाइल उसके रोजगार का जरूरी हिस्सा है। उसकी परेशानी सामने आने के बाद विधायक पंकज मलिक को इसकी जानकारी हुई। विधायक ने विशाल से संपर्क कर उसे अपने आवास पर बुलाया। विधायक ने विशाल को नया मोबाइल फोन भेंट किया, जिससे वह दोबारा अपना डिलीवरी का काम सुचारू रूप से कर सके। नया मोबाइल मिलने के बाद विशाल ने विधायक का आभार जताया। जिस मोबाइल के पानी में गुम होने के बाद वह परेशान था, उसकी जगह अब उसे दोबारा काम शुरू करने का सहारा मिल गया है।
Source link