Sorting by

×




एटा जिले के मलावन थाना क्षेत्र के देवपुरा गांव में बुधवार सुबह एक लाइनमैन की विद्युत पोल पर काम करते समय करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान देवपुरा निवासी 32 वर्षीय उपेंद्र पुत्र चंद्रपाल के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, उपेंद्र सुबह करीब 6:30 बजे गांव के पास एक विद्युत पोल पर मलावन फीडर से शटडाउन लेकर बिजली का काम कर रहे थे। इसी दौरान वह अचानक करंट की चपेट में आ गए। हादसे के बाद ग्रामीणों ने गंभीर हालत में उपेंद्र को तत्काल एटा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। वहां सुबह करीब 7 बजे चिकित्सकों ने उपचार के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि लगभग दो वर्ष पहले भी उपेंद्र विद्युत कार्य करते समय हाई वोल्टेज लाइन की चपेट में आ गए थे, जिसमें उनके हाथ झुलस गए थे। इसके बावजूद वह विद्युत विभाग में लाइनमैन के रूप में कार्यरत थे। उपेंद्र की मौत से उनके परिवार में शोक का माहौल है। उनके दो छोटे पुत्र हैं, जिनकी उम्र लगभग 9 वर्ष और 5 वर्ष बताई जा रही है। लाइनमैन की मौत के बाद विद्युत विभाग और पुलिस द्वारा मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। शटडाउन लेने के बावजूद यह हादसा कैसे हुआ, इसकी जांच की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *