![]()
श्रावस्ती के भिनगा नगर में वन रेंजरी के पास जल जीवन मिशन (शहरी) योजना के तहत निर्माणाधीन पानी की टंकी पर सोमवार दोपहर एक हादसा हो गया। टंकी के ऊपरी हिस्से से गिरकर 25 वर्षीय दिहाड़ी मजदूर कलीम की मौत हो गई। इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, मजदूर कलीम बिना हेलमेट और सेफ्टी बेल्ट के काम कर रहा था। तसले में गिट्टी-मोरंग ले जाते समय उसका पैर फिसला और वह ऊंचाई से नीचे गिर गया। हालांकि, ऑफ कैमरा साइट इंजीनियर ने दावा किया कि मौके पर सुरक्षा के सभी इंतजाम मौजूद थे और कलीम नीचे उतरते समय अचानक फिसल गया, जिससे यह हादसा हुआ। सेफ्टी बेल्ट नहीं पहन रखी थी हादसे को लेकर परिजनों ने ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाया है। मृतक के पिता बरकत ने कहा कि यदि उनके बेटे को सेफ्टी बेल्ट पहनाई गई होती तो उसकी जान बच सकती थी। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जब नीचे भी काम कराया जा सकता था, तो कलीम को टंकी पर क्यों चढ़ाया गया। कलीम भिनगा के हनुमानगढ़ी मोहल्ले का निवासी था और अपने दो भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसकी मौत से परिवार पर गहरा संकट आ गया है। कलीम के तीन और पांच साल के दो छोटे बच्चे हैं, जिनके सिर से पिता का साया उठ गया है। परिवार में अब कोई अन्य कमाने वाला सदस्य नहीं बचा है। घटना की सूचना थाना कोतवाली भिनगा पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई जारी है।
Source link