Sorting by

×




पीलीभीत के बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र में शनिवार रात हरिद्वार जा रहे एक कांवड़िए की बाइक को तेज रफ्तार पिकअप ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार पवन राजपूत गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, बीसलपुर के मोहल्ला दुबे निवासी पवन राजपूत शनिवार रात करीब 8 बजे बाइक से हरिद्वार कांवड़ यात्रा के लिए जा रहे थे। वह जसौली मार्ग से गुजर रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित हो गई और उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर लगते ही पवन बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरे। उनके शरीर में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर आसपास के ग्रामीण और राहगीरों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने पुलिस और एंबुलेंस को दी सूचना घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस की मदद से घायल पवन राजपूत को पीलीभीत मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। सीओ और कोतवाली प्रभारी मौके पर पहुंचे हादसे की सूचना मिलते ही सीओ अमरनाथ वर्मा और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर हादसे की जानकारी जुटाई। पुलिस ने घायल के परिजनों को भी घटना की सूचना दी। जानकारी मिलने के बाद परिजन अस्पताल पहुंच गए। पुलिस की ओर से मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *