![]()
शाहजहांपुर में ग्रामीणों ने एक गौशाला की केयर टेकर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों ने शुक्रवार दोपहर 12 बजे कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचकर अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा, जिसमें बताया गया कि गौशाला में गायों को रखने के बदले केयर टेकर 1500 रुपये की मांग करती है। आरोप है कि यदि रुपये नहीं दिए जाते हैं, तो गोवंश को गौशाला से छोड़ दिया जाता है। इससे ये गोवंश किसानों की फसलों को बर्बाद कर रहे हैं। ग्रामीणों के विरोध करने पर केयर टेकर ने उनके खिलाफ थाने में झूठी तहरीर भी दे दी। यह पूरा मामला थाना कलान तहसील के सैदापुर गांव का है। ग्राम पंचायत धनुआखेड़ा में एक गौशाला का निर्माण कराया गया है, जो वर्तमान में संचालित है। एक महिला इस गौशाला की केयर टेकर है। किसानों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा ग्रामीणों का आरोप है कि केयर टेकर उनसे प्रति गाय 1500 रुपये लेती है। जब ग्रामीणों ने इसका विरोध किया, तो केयर टेकर ने कहा कि बिना पैसे लिए एक भी गाय को गौशाला के अंदर नहीं रखा जाएगा। आरोप है कि कुछ ग्रामीणों से रुपये लेकर गायों को गौशाला में भेजा गया, जिसका वीडियो भी उनके पास है। ग्रामीणों ने बताया कि केयर टेकर अपने संबंधियों की मदद से गायों को गौशाला से बाहर छोड़ देती है, जिससे वे खेतों में लगी फसल को नुकसान पहुंचाती हैं। विरोध करने पर केयर टेकर ने ग्रामीणों से अभद्रता की और उनके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। ग्राम प्रधान के बेटे रमनपाल सिंह ने बताया कि केयर टेकर हर व्यक्ति से प्रति गाय के हिसाब से रुपये लेती है। उन्होंने कहा कि किसानों को बहुत दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और इसका जल्द समाधान किया जाना चाहिए।
Source link