इरफान खान पठान | महोबा4 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

महोबा के पुलिस लाइन तिराहे पर ग्राहकों को लेकर दो महिला दुकानदारों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस दौरान महिलाओं ने एक-दूसरे के बाल खींचे और दांतों से काटकर घायल कर दिया। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
यह घटना महोबा जनपद के व्यस्त छतरपुर रोड स्थित पुलिस लाइन तिराहे पर हुई। जानकारी के अनुसार, पास-पास दुकान चलाने वाली इन महिलाओं के बीच ग्राहकों को अपनी दुकान पर बुलाने को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते यह मामूली बहस हाथापाई में बदल गई।
गुस्से में महिलाओं ने सारी हदें पार कर दीं और एक-दूसरे पर हमलावर हो गईं। उनके पति लगातार बीच-बचाव की कोशिश करते रहे, लेकिन महिलाएं सुनने को तैयार नहीं थीं। हैरानी की बात यह है कि आसपास मौजूद लोग मदद करने के बजाय अपने मोबाइल से घटना का वीडियो बनाते रहे।

दोनों के पति लगातार बीच-बचाव की कोशिश करते रहे, लेकिन महिलाएं सुनने को तैयार नहीं थीं।
यह पूरा हंगामा पुलिस लाइन जैसे व्यस्त क्षेत्र में होता रहा, जहां से दिन-रात पुलिस अधिकारियों की गाड़ियां गुजरती हैं और ट्रैफिक पुलिस भी तैनात रहती है। इसके बावजूद महिलाओं में पुलिस का कोई खौफ नजर नहीं आया। अंततः, डायल 112 को सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को शांत कराया।
इस मारपीट में दोनों ही महिलाएं घायल हुई हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल, इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर छाया हुआ है।
