![]()
मेरठ में शुक्रवार को सुबह की शुरूआत आसमान में छाई बादलों के साथ हुई है। इसके साथ साथ बारिश का मौसम भी कुछ क्षेत्रों में बना हुआ है तो कुछ जगह मौसम बिल्कुल साफ है । वहीं बीते दिन की तरह ही चिपचिपी गर्मी का सामना लोगों को सुबह से ही करना पड़ रहा है। मौसम वैज्ञानिक डॉ यूपी शाही के अनुसार दोपहर बाद गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ने के आसार हैं। मौसम में नमी अधिक रहने के कारण चिपचिपी गर्मी और उमस लोगों को सुबह से ही परेशान कर रही है।
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। इससे पहले गुरुवार को मेरठ में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया। दिन में कुछ क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी भी हुई। बारिश के बावजूद तापमान और नमी के कारण उमस कम होने के बजाय और बढ़ गई। इससे लोगों को चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ा। शुक्रवार को बारिश होने पर तापमान में कुछ कमी आने की उम्मीद है, लेकिन अधिक आद्रता के चलते बारिश के बाद भी उमस से राहत मिलने की संभावना कम है।
बारिश के बाद भी वातावरण में नमी अधिक होने के कारण तापमान कम महसूस नहीं हो रहा है। चौधरी चरण सिंह विवि की मौसम वेधशाला के अनुसारआज भी तापमान 35 डिग्री के आसपास ही बना रहेगा। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक बारिश होने के बाद भी यदि वातावरण में नमी अधिक रहती है ऐसे में लोगों को पर्याप्त पानी पीने, शरीर को सूखा रखने और पसीने से भीगे कपड़े जल्द बदलने की सलाह दी जाती है। वहीं बीते जुलाई के महीने में 585 मिमी बारिश होने से पिछले 24 सालों का रिकॉर्ड टूट गया तो अगस्त में भी अभी तक लगभग 150 मिमी बारिश हो चुकी है, फिर भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल रही है।
Source link