![]()
ललितपुर में भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश उपाध्यक्ष लखन पटेल के नेतृत्व में गुरुवार को किसानों ने ट्रैक्टर-बाइक तिरंगा यात्रा निकाली। यह यात्रा ग्राम कपासी तिराहे से शुरू होकर 30 किलोमीटर दूर जिला मुख्यालय पहुंची। किसानों को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपना था। दोपहर 2 बजे तक कोई अधिकारी ज्ञापन लेने नहीं पहुंचा, जिससे किसान आक्रोशित हो गए। उन्होंने पहले कचहरी चौराहे पर प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर दी। इसके बाद किसान कलेक्ट्रेट कार्यालय के मुख्य गेट पर बैठ गए और रास्ता बंद कर दिया। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही अपर जिलाधिकारी मौके पर पहुंचे। शुरुआत में किसानों ने ज्ञापन देने से इनकार कर दिया और अधिकारियों के रवैये की शिकायत मुख्यमंत्री से करने की बात कही। हालांकि, बाद में वे मान गए और अपर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंप दिया।
किसानों ने ज्ञापन में कई प्रमुख मांगें रखीं। इनमें जिले को सूखाग्रस्त घोषित करना, किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराना, पर्याप्त बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करना और क्रय केंद्रों पर छोटे किसानों की फसल को प्राथमिकता से खरीदना शामिल है। इस प्रदर्शन में भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश उपाध्यक्ष लखन पटेल के साथ किसान नेता कीरत बाबा, जिलाध्यक्ष रंजीत यादव, शब्बीर खान, मलखान यादव, राज्यपाल यादव, रामकुमार और मुकेश सहित 50 से अधिक किसान मौजूद थे।
Source link