![]()
गोरखपुर नगर निगम में बुधवार को नगर आयुक्त अजय जैन की अध्यक्षता में स्ट्रीट वेंडिंग जोन कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर की बढ़ती आबादी और नगर निगम की विस्तारित सीमा को देखते हुए सड़क किनारे ठेला-खोमचा और दुकान लगाने वालों के लिए नए वेंडिंग जोन विकसित करने पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में सड़क किनारे दुकान लगाने वाले विक्रेताओं को व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया। धर्मशाला क्षेत्र में बनेगा नया वेंडिंग जोन
बैठक में निर्णय लिया गया कि धर्मशाला अंडरपास के शौचालय से रेलवे की बाउंड्री के पास नए वेंडिंग जोन का निर्माण कराया जाएगा। इस स्थान पर पहले से दुकान लगाने वाले दुकानदार को ध्यान में रखते हुए सर्वे कराया जाएगा। सर्वे के दौरान विक्रेताओं से संबंधित जरूरी जानकारी निर्धारित प्रारूप में दर्ज की जाएगी।
असुरन से पॉलिटेक्निक तक भी बनेगा वेंडिंग जोन
इसी तरह असुरन पुल से राजकीय पॉलिटेक्निक तक भी नए वेंडिंग जोन का निर्माण कराया जाएगा। इस क्षेत्र में पहले से दुकान लगाने वाले पथ विक्रेताओं का दोबारा सर्वे किया जाएगा। नगर निगम की टीम विक्रेताओं का डाटा निर्धारित फार्मेट में तैयार करेगी, ताकि उन्हें व्यवस्थित तरीके से वेंडिंग जोन में स्थान उपलब्ध कराया जा सके।
शास्त्री चौक वेंडिंग जोन में मिलेंगी सुविधाएं
बैठक में शास्त्री चौक स्थित वेंडिंग जोन में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई। नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को यहां जरूरी सुविधाओं से जुड़े कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए। इसका उद्देश्य पथ विक्रेताओं के साथ-साथ वहां आने वाले लोगों को भी बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना है।
शहर के विस्तार को देखते हुए लिया गया फैसला
नगर निगम क्षेत्र के विस्तार और लगातार बढ़ती आबादी के कारण सड़क किनारे कारोबार करने वाले पथ विक्रेताओं की संख्या भी बढ़ रही है। ऐसे में उन्हें व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराने के लिए नए वेंडिंग जोन विकसित करने की योजना बनाई गई है। इससे पथ विक्रेताओं को कारोबार के लिए निर्धारित स्थान मिलेगा और प्रमुख सड़कों पर यातायात व्यवस्था को भी बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
बैठक का संचालन अपर नगर आयुक्त अतुल कुमार ने किया। बैठक में संयुक्त सचिव, गोरखपुर विकास प्राधिकरण, पुलिस अधीक्षक यातायात, अपर नगर आयुक्त प्रथम, अधिशासी अभियंता आवास विकास परिषद, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, सहायक नगर नियोजक गोरखपुर विकास प्राधिकरण, अधिशासी अभियंता निर्माण खंड-03 लोक निर्माण विभाग, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, यातायात निरीक्षक, मुख्य प्रबंधक लीड बैंक, कर निर्धारण अधिकारी नगर निगम और डूडा के शहर मिशन प्रबंधक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल हुए।
Source link