Sorting by

×


22 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

ओडिशा में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद चुनाव आयोग ने रविवार को वोटर लिस्ट का ड्राफ्ट जारी किया। इस प्रक्रिया में 20 लाख से अधिक नाम वोटर लिस्ट से हटाए गए।

राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) आर. एस. गोपालन ने बताया कि 20 मई को वोटर लिस्ट फ्रीज होने के समय राज्य में 3.33 करोड़ मतदाता थे, जो ड्राफ्ट सूची में घटकर 3.13 करोड़ रह गए। इनमें 1.60 करोड़ पुरुष, 1.53 करोड़ महिलाएं और 2,775 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, हटाए गए 20 लाख से अधिक नामों में 8.32 लाख मृत मतदाताओं के थे। वहीं, 10.07 लाख मतदाता दूसरे स्थान पर स्थानांतरित हो चुके थे या पुनरीक्षण के दौरान अनुपस्थित मिले।

इसके अलावा 1.58 लाख नाम एक से अधिक स्थानों पर दर्ज पाए गए। करीब 14 हजार मतदाताओं ने बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को गणना फॉर्म वापस नहीं किए।

आज की बाकी बड़ी खबरें…

महाराष्ट्र TET पेपर लीक मामले में 3 और गिरफ्तार, अब तक 10 आरोपी पकड़ाए

महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) पेपर लीक मामले में रविवार को पुलिस ने उत्तर प्रदेश से तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तीनों आगरा की एक निजी प्रिंटिंग कंपनी के कर्मचारी हैं। उन पर छपाई के दौरान सुरक्षित परिसर से पेपर बाहर निकालने का आरोप है। इस मामले में अब तक कुल 10 लोगों को पकड़ा जा चुका है। पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) मामले के मास्टरमाइंड बताए जा रहे दो आरोपियों की तलाश में वित्तीय और डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। पेपर लीक का खुलासा होने के बाद 28 जून को होने वाली TET-2026 परीक्षा स्थगित कर दी गई थी, जिससे करीब छह लाख अभ्यर्थी प्रभावित हुए हैं।

प.बंगाल में लापता 11 साल की बच्ची का शव बोरे में मिला, दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोप; एक गिरफ्तार

पश्चिम बंगाल के साउथ 24 परगना जिले के बारुईपुर इलाके में 11 साल की बच्ची का शव रविवार सुबह एक बोरे में मिला। बच्ची शनिवार दोपहर से लापता थी।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि उसके साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की गई। हालांकि, पुलिस का कहना है कि इसकी पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

घटना के बाद गुस्साए लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बारुईपुर-जयनगर रोड जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर टायर जलाए और पुलिस की कुछ गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की।

दिल्ली के नजफगढ़ में पति ने पत्नी की हत्या की, खुद थाने पहुंचकर किया सरेंडर; 2 महीने से बेरोजगार था

दिल्ली के नजफगढ़ इलाके में शनिवार रात एक व्यक्ति ने घरेलू विवाद के बाद तवे से वार कर पत्नी की हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी रविवार सुबह थाने पहुंचा और पुलिस को बताया कि उसने पत्नी की हत्या कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान दिनेश पटेल के रूप में हुई है। उसकी पत्नी सरिता पटेल का शव घर में मिला। सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक साइंस लैब और क्राइम टीम मौके पर पहुंची।

शुरुआती जांच में दिनेश ने पुलिस को बताया कि वह पिछले दो-तीन सालों से दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में सिजोफ्रेनिया का इलाज करा रहा है। पुलिस उसके मेडिकल रिकॉर्ड की जांच कर रही है।

जांच में यह भी सामने आया कि दिनेश पिछले दो महीने से बेरोजगार था। वह आईटी कंपनी में काम करता था, लेकिन नौकरी जाने के बाद आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव में था। इसी वजह से घर में अक्सर पत्नी से विवाद होता था।

पुलिस के मुताबिक, दिनेश और सरिता की शादी 2005 में हुई थी। उनके दो बेटे हैं। बड़ा बेटा इंजीनियरिंग परीक्षा की तैयारी कर रहा है, जबकि छोटा बेटा पांचवीं कक्षा में पढ़ता है। घटना के समय दोनों बच्चे घर में मौजूद थे। पुलिस उनके बयान भी दर्ज करेगी।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि शनिवार रात मामूली बात पर पत्नी से कहासुनी हुई। गुस्से में उसने रसोई में रखा तवा उठाकर पत्नी पर कई बार वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मामले में FIR दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

दिल्ली: पत्नी फोन पर बात करती थी, हत्या की, फिर सुसाइड किया

दिल्ली के तिलंगपुर कोटला गांव में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की बैटरी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, उसे शक था कि उसकी पत्नी किसी से फोन पर बात करती थी। वारदात के बाद आरोपी ने एल्युमिनियम फॉस्फाइड की गोलियां खाकर आत्महत्या कर ली।

पुलिस ने बताया कि आरोपी ने जहर खाने के बाद अपनी बहन को घटना की जानकारी दी। दोनों को संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया, जहां महिला को मृत घोषित कर दिया गया। इलाज के दौरान आरोपी की भी मौत हो गई।

कॉकरोच जनता पार्टी के साथ भूख हड़ताल कर रहे सोनम वांगचुक की तबीयत बिगड़ी, 5 किलो वजन घटा

परीक्षा में अनियमितताओं को लेकर चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के विरोध प्रदर्शन का शनिवार को 15वां दिन रहा। जंतर-मंतर पर अनशन कर रहे सोशल एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक 7वें दिन की भूख हड़ताल के बाद कमजोर पड़ गए हैं। उनका वजन लगभग 5 किलो घट गया है। इनकी मांग है कि परीक्षा सिस्टम की गड़बड़ियों की जिम्मेदारी लेते हुए शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को हटाया जाए।

जम्मू कश्मीर में ​स्कूली किताब में हाफिज जैसे आतंकियों को बताया महान; LG सिन्हा ने 8 अधिकारियों को सस्पेंड किया

जम्मू-कश्मीर LG मनोज सिन्हा ने सरकारी स्कूल की लाइब्रेरी के दो किताबों में आपत्तिजनक सामग्री पाए जाने पर 8 अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। इन किताबों में हाफिज सईद और मकबूल भट्ट जैसे आतंकियों और अलगाववादियों को महान हस्ती बताया गया था और उनकी गतिविधियों का महिमामंडन किया गया था।

दिल्ली-हलवारा फ्लाइट तकनीकी खराबी के बाद लौटी, दूसरी कोशिश में हुई लैंडिंग

दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से शनिवार सुबह हलवारा के लिए रवाना हुई एअर इंडिया की फ्लाइट एआई-481 के यात्रियों को एक ही यात्रा में दो बार मुश्किलों का सामना करना पड़ा। उड़ान भरने के करीब 15 मिनट बाद तकनीकी खराबी आने पर विमान को एहतियातन दिल्ली लौटाया गया। इसके बाद दूसरे विमान से यात्रियों को रवाना किया गया, लेकिन हलवारा पहुंचने पर खराब मौसम के कारण पहली बार लैंडिंग नहीं हो सकी।

पायलट ने दूसरी कोशिश में विमान को सुरक्षित उतार दिया, जिससे सभी यात्रियों ने राहत की सांस ली। जानकारी के अनुसार, फ्लाइट एआई-481 शनिवार सुबह 5:55 बजे दिल्ली से रवाना हुई थी। तकनीकी खराबी का संकेत मिलने पर पायलट ने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए विमान को सुबह करीब 7 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार दिया। एयर इंडिया ने सभी यात्रियों को दूसरे विमान में स्थानांतरित कर करीब सुबह 9 बजे दोबारा हलवारा के लिए रवाना किया।

मणिपुर में हिंसा के बाद पहली बार चूराचांदपुर पहुंचे सीएम खेमचंद

इंफाल| मणिपुर में दिवंगत भाजपा विधायक वुंग्जागिन वाल्टे का अंतिम संस्कार आखिर तकरीबन साढ़े चार माह बाद शनिवार को किया गया। इतने समय तक उनकी पार्थिव देह को चूराचांदपुर में सुरक्षित रखा गया था। इसमें शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री युम्नाम खेमचंद हेलीकॉप्टर से कुकी-बहुल चूराचांदपुर जिले पहुंचे। मई 2023 में जातीय हिंसा भड़कने के बाद सीएम की इस इलाके में पहली यात्रा मानी जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *