Sorting by

×




मथुरा के मनोहरपुर गांव में खड़ी फसल को ट्रैक्टर से जोतकर नष्ट करने और जमीन पर अवैध कब्जे का प्रयास करने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने बुधवार दोपहर करीब 2 बजे जिलाधिकारी से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मनोहरपुर निवासी बंटी कुमार कुशवाह ने डीएम को दिए प्रार्थना पत्र में बताया- खसरा संख्या 737, रकबा 0.4090 हेक्टेयर भूमि पहले उनकी दादी नत्थो देवी के नाम दर्ज है। उनकी मृत्यु के बाद वारिस इस भूमि पर खेती कर रहे थे। आरोप है कि वर्ष 2014 में नत्थो देवी की विवाहित पुत्री संतो देवी के नाम गलत तरीके से दाखिल-खारिज कर दिया गया। इसके बाद संतो देवी ने वर्ष 2021 में यह भूमि ज्ञान श्री के पक्ष में बेच दी। इस मामले को लेकर न्यायालय में वाद और अपील विचाराधीन है। पुलिस ने नहीं की कार्रवाई पीड़ित के अनुसार, इसी विवाद के बीच 9 अगस्त 2026 को दोपहर करीब तीन बजे विवेक, टीटू, मोनू, सोनू, रवी, गौरव, अनिल उर्फ लाला, बीला सहित लगभग 20-25 अज्ञात लोग ट्रैक्टर लेकर खेत पर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने खेत में खड़ी मूली, पालक, बाजरा, तिल, टमाटर, मिर्च, गोभी और बैंगन की पौध वाली नर्सरी को ट्रैक्टर से जोतकर पूरी तरह नष्ट कर दिया। पीड़ित ने बताया कि जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने गाली-गलौज की, धक्का-मुक्की की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने फसल में लगभग 2.50 लाख रुपये का नुकसान होने का दावा किया है। डायल 112 पर सूचना देने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पीड़ित का आरोप है कि कोई कार्रवाई नहीं की गई। थाना महावन में भी रिपोर्ट दर्ज न करने की शिकायत की गई है। बंटी कुमार कुशवाह ने जिलाधिकारी से राजस्व टीम और पुलिस बल भेजकर अवैध हस्तक्षेप रोकने, फसल नुकसान की जांच कराने तथा वर्ष 2014 के पीए-11 आदेश की जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *