Sorting by

×




कानपुर में कांवड़ यात्रा के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई है। शनिवार रात 11:15 बजे से भारी वाहनों के लिए मार्ग परिवर्तित किया गया, जिससे रामादेवी फ्लाईओवर और जाजमऊ चेकपोस्ट पर वाहनों को रोका गया। इसके परिणामस्वरूप नौबस्ता से आने वाले वाहनों की चार किलोमीटर लंबी कतार लग गई और भीषण जाम की स्थिति बन गई। यह यातायात डायवर्जन कांवड़ यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार रात 8 बजे से लागू किया गया है, जो सोमवार रात 12 बजे तक जारी रहेगा। प्रतिबंध के कारण, ट्रक चालकों को अपने वाहन सड़क किनारे खड़े कर प्रतिबंध हटने का इंतजार करना पड़ा, जिससे उन्हें काफी असुविधा हुई। रामादेवी फ्लाईओवर से नौबस्ता तक भारी वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं। कई स्थानों पर ट्रकों के सड़क किनारे खड़े होने से यातायात का दबाव और बढ़ गया। वाहन चालक आशु, रमेश, अनिल ने बताया कि वह लोग डेढ़ घंटे से जाम में फंसे हुए है। उनका कहना है कि, पुलिस मौजूद है लेकिन व्यवस्था खराब है। वहीं, सड़क किनारे भारी वाहनों की बढ़ती संख्या के कारण यातायात को सुचारु और सुरक्षित बनाए रखना पुलिस के लिए एक चुनौती बन गया है। यातायात पुलिस ने भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित किए हैं। औरैया-इटावा से लखनऊ जाने वाले वाहनों को रामादेवी से फतेहपुर, लालगंज (रायबरेली) होते हुए लखनऊ की ओर भेजा जा रहा है। हमीरपुर से आने वाले वाहन अनूपपुर मोड़ से चौडगरा, फतेहपुर और रायबरेली होते हुए लखनऊ पहुंचेंगे। इसी प्रकार, झांसी-कालपी से आने वाले वाहनों को नौबस्ता से घाटमपुर, फतेहपुर और रायबरेली होते हुए लखनऊ की ओर मोड़ा गया है। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे सड़क पर बेतरतीब तरीके से वाहन खड़ा न करें और निर्धारित डायवर्जन रूट का ही उपयोग करें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह व्यवस्था कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लागू की गई है। हालांकि, सड़क किनारे खड़े सैकड़ों भारी वाहनों के कारण नए हादसों की आशंका बनी हुई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *