Sorting by

×




चंदौली जिले के विभिन्न इलाकों में अधिकारियों द्वारा शुक्रवार को प्राइवेट खाद और बीज की दुकानों पर औचक छापेमारी की गई। इस दौरान संयुक्त टीमों ने तहसीलवार दुकानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 10 दुकानों से खाद के सैंपल भरे। कई अनियमितताएं सामने आने पर 5 दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। निरीक्षण के दौरान, जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव को कंदवा के ‘गुप्ता खाद भण्डार’ पर वितरण रजिस्टर अधूरा मिला, जिसके लिए उन्हें कारण बताओ नोटिस दिया गया। इसके अलावा, तलाशपुर के प्रकाश खाद भण्डार और कंदवा के श्रीराम फर्टिलाइजर, आलोक उर्वरक केन्द्र बंद पाए जाने पर स्पष्टीकरण मांगा गया। वरिष्ठ प्राविधिक सहायक डॉ. पूजा त्रिपाठी द्वारा चकिया और नौगढ़ तहसील में की गई कार्रवाई के दौरान, ‘रिशु कृषि केन्द्र’ पर रेट बोर्ड और रजिस्टर अपडेट न पाए जाने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव ने किसानों को आश्वस्त किया कि जिले में खाद की कोई कमी नहीं है। वर्तमान में 19545 मीट्रिक टन यूरिया, 5088 मीट्रिक टन डीएपी, 372 मीट्रिक टन एमओपी, 3992 मीट्रिक टन एनपीके और 13507 मीट्रिक टन एसएसपी खाद पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। उन्होंने किसानों से अपील की कि उर्वरक खरीदते समय फार्मर आईडी दुकान पर साथ लाना अनिवार्य है। प्रमाणित खतौनी दिखाकर भी खाद ली जा सकती है। उन्होंने दुकानदारों को चेतावनी दी कि यदि किसी विक्रेता द्वारा ओवररेटिंग या अनियमितता की शिकायत साक्ष्य के साथ मिलती है, तो उसके खिलाफ ‘उर्वरक नियंत्रण आदेश और आवश्यक वस्तु अधिनियम’ के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *