![]()
फिरोजाबाद के पश्चिमी यार्ड में बुधवार शाम 5:05 बजे ओवरहेड इक्विपमेंट (ओएचई) सिस्टम की अर्थिंग टूट जाने से रेल संचालन बंद हो गया। इस घटना के कारण अप और डाउन मुख्य रेल मार्गों के साथ-साथ पूरा पश्चिमी यार्ड प्रभावित हुआ। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद शाम करीब 7 बजे रेल सेवाएं सामान्य हो सकीं। रेलवे रेस्ट हाउस के पास हुई इस तकनीकी खराबी के कारण ओएचई की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। इसके चलते ट्रेनों का संचालन तत्काल रोकना पड़ा। अप लाइन करीब दो घंटे और डाउन लाइन लगभग डेढ़ घंटे तक प्रभावित रही, जबकि पश्चिमी यार्ड में रेल संचालन पूरी तरह ठप हो गया। दो घंटे की मशक्कत के बाद बहाल हुई व्यवस्था घटना की सूचना मिलते ही ओएचई विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मरम्मत कार्य शुरू किया। कर्मचारियों ने लगातार प्रयास कर करीब दो घंटे में खराबी दूर कर दी, जिसके बाद मुख्य रेल लाइनों पर ट्रेनों का संचालन फिर से सामान्य हो गया। कई प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनें रास्ते में रुकीं रेल मार्ग बाधित होने से कई ट्रेनें बीच रास्ते में ही खड़ी हो गईं। प्रभावित ट्रेनों में महानंदा एक्सप्रेस, नेताजी एक्सप्रेस, नीलांचल एक्सप्रेस, मुरी एक्सप्रेस, सीमांचल एक्सप्रेस, नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस, शताब्दी एक्सप्रेस, अजमेर सुपरफास्ट एक्सप्रेस, जोधपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस और डाउन दिशा की तेजस एक्सप्रेस शामिल रहीं। यात्रियों को गर्मी में करना पड़ा इंतजार ट्रेनों के लंबे समय तक रुके रहने से यात्रियों को उमस भरी गर्मी में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई यात्रियों को पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए भी परेशानी झेलनी पड़ी। स्टेशन अधीक्षक ने दी जानकारी स्टेशन अधीक्षक सुजीत कुमार ने बताया कि तकनीकी खराबी के कारण प्रभावित ट्रेनें हिरनगांव से लेकर मितावली के बीच विभिन्न स्थानों पर खड़ी रहीं। ओएचई सिस्टम की मरम्मत पूरी होने के बाद सभी ट्रेनों का संचालन चरणबद्ध तरीके से सामान्य कराया गया।
Source link