![]()
यूजीसी नेट जून 2026 परीक्षा की आंसर-की और परिणाम घोषित करने में हो रही देरी के विरोध में मंगलवार को काशी हिंदू विश्वविद्यालय के छात्रों ने परिसर में मार्च निकालकर विरोध दर्ज किया। छात्रों ने विश्वविद्यालय परिसर से संगठित होकर शांतिपूर्ण रैली निकाली और केंद्र सरकार तथा राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के खिलाफ अपनी नाराजगी व्यक्त की। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने प्रधानमंत्री के नाम संबोधित एक ज्ञापन तैयार कर संबंधित अधिकारियों के माध्यम से भेजा, जिसमें परीक्षा परिणाम जल्द जारी कराने की मांग की गई। परीक्षा के 1 माह बाद भी नहीं जारी हुआ Answer Key छात्रों का कहना था कि यूजीसी नेट (जून 2026) परीक्षा सम्पन्न हुए लगभग एक माह का समय बीत चुका है, लेकिन अभी तक न तो उत्तर कुंजी जारी की गई है और न ही परिणाम घोषित किया गया है। छात्रों ने बताया कि पूर्व वर्षों में सामान्यतः परीक्षा समाप्त होने के 7 से 10 दिनों के भीतर उत्तर कुंजी जारी कर दी जाती थी, जिससे अभ्यर्थी अपने प्रदर्शन का आकलन कर आगे की तैयारी कर पाते थे। इस बार असामान्य देरी ने लाखों अभ्यर्थियों को असमंजस और मानसिक तनाव की स्थिति में डाल दिया है। छात्र बोले- रिजल्ट न आने से पीएचडी प्रवेश में हो रही देरी प्रधानमंत्री के नाम लिखे गए पत्र में छात्रों ने कहा कि उत्तर कुंजी एवं परिणाम घोषित करने में हो रही अनावश्यक देरी का सीधा प्रभाव देशभर के अभ्यर्थियों के शैक्षणिक और व्यावसायिक भविष्य पर पड़ रहा है। पीएचडी प्रवेश प्रक्रियाएं, सहायक आचार्य (असिस्टेंट प्रोफेसर) की भर्तियां, छात्रवृत्ति योजनाएं तथा अन्य शैक्षणिक एवं रोजगार संबंधी प्रक्रियाएं परिणाम के अभाव में प्रभावित हो रही हैं। इससे विद्यार्थियों का बहुमूल्य समय नष्ट हो रहा है और उनके भविष्य को लेकर अनिश्चितता बढ़ती जा रही है। ज्ञापन में छात्रों ने प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) को आवश्यक निर्देश देकर यूजीसी नेट (जून 2026) परीक्षा की उत्तर कुंजी एवं परिणाम शीघ्र घोषित कराया जाए। साथ ही भविष्य में ऐसी राष्ट्रीय परीक्षाओं के संचालन, उत्तर कुंजी जारी करने और परिणाम घोषित करने के लिए स्पष्ट एवं समयबद्ध व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि अभ्यर्थियों को अनावश्यक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।
Source link