Sorting by

×




नेहरू ग्राम भारती विश्वविद्यालय, प्रयागराज के शशि परिसर शोध केंद्र में रविवार को पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह आयोजन पर्यावरण संरक्षण और हरित भारत के संकल्प को सशक्त बनाने के उद्देश्य से किया गया था। इसमें विश्वविद्यालय के शिक्षकों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। मंगल भूमि फाउंडेशन और शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता प्रो. अमिताभ कर ने वृक्षों को मानव जीवन का सच्चा संरक्षक बताया। उन्होंने जलवायु परिवर्तन, बढ़ते प्रदूषण और घटते हरित क्षेत्र की गंभीर चुनौतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि इनका एकमात्र समाधान व्यापक पौधरोपण और लगाए गए पौधों का संरक्षण है। उन्होंने युवाओं से पर्यावरण संरक्षण को अपना मुख्य दायित्व बनाने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि डॉ. पूजा अग्रवाल ने प्रकृति के साथ संतुलित संबंध को सतत विकास का आधार बताया। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे हर वर्ष पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल भी सुनिश्चित करें। विशिष्ट अतिथि रामबाबू तिवारी ने भारतीय संस्कृति की जीवनदृष्टि का हवाला देते हुए जल संरक्षण और वृक्ष संरक्षण को एक-दूसरे का पूरक बताया। उन्होंने जोर देकर कहा कि आज केवल पौधे लगाने की नहीं, बल्कि उनके वृक्ष बनने तक संरक्षण की आवश्यकता है। उन्होंने उपस्थित सभी लोगों को कम से कम एक पौधे का संरक्षण करने का संकल्प भी दिलाया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जमुनीपुर परिसर के निदेशक डॉ. आलोक कुमार मिश्र ने की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में पर्यावरणीय चेतना और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम का संचालन डॉ. श्रवण मिश्र ने किया, जबकि शोध केंद्र के निदेशक डॉ. आदिनाथ ने धन्यवाद ज्ञापन दिया। कार्यक्रम के समापन पर सभी अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने परिसर में पौधे रोपे। सभी ने ‘एक पेड़-एक जीवन’ के संदेश के साथ उनके सामूहिक संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर डॉ. संजय भारती, श्री सुरेंद्र तिवारी, डॉ. राहुल अग्रवाल, श्री विकास त्रिपाठी, राम मनोहर जी, लोकेश पाण्डेय, आशुतोष और अभिनव मणि त्रिपाठी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *