![]()
सोनभद्र के घोरावल स्थित गुप्तकाशी शिवद्वार में सावन मास के पहले सोमवार को उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के मद्देनजर प्रशासन ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। दर्शन और पूजन सीसीटीवी कैमरों की निगरानी और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न होगा। मंदिर कमेटी और पुजारियों ने भी दर्शन-पूजन के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए हैं। मुख्य पुजारी सुरेश गिरि, अजय गिरि, शिवराज गिरि, सतीश गिरि, अरविंद गिरि और मंदिर कमेटी के संजय मोदनवाल के नेतृत्व में शिवद्वार मंदिर कमेटी ने श्री उमामहेश्वर मंदिर सहित परिसर के सभी मंदिरों को सजाया है। पुजारी अजय गिरि ने बताया कि सोमवार को भोर में साढ़े तीन बजे मंगला आरती के बाद मंदिर के कपाट जलाभिषेक और दर्शन पूजन के लिए खोल दिए जाएंगे। 24 सीसीटीवी कैमरे लगाए प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। मंदिर परिसर, आसपास के क्षेत्रों और कांवड़ यात्रा मार्ग पर पर्याप्त संख्या में पुलिस, पीएसी, महिला पुलिस के साथ-साथ सादे वर्दी में भी पुलिस बल तैनात किया गया है। मंदिर के आसपास और मुख्य स्थानों पर 24 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। श्रावण मेला के संपूर्ण क्षेत्र को चार जोन में विभाजित किया गया है, जिसकी निगरानी संबंधित सीओ करेंगे। मेले को 12 सेक्टर में बांटा गया है, जहां लगभग 35 इंस्पेक्टर और एसआई रैंक के पुलिस अधिकारी तैनात रहेंगे। इसके अतिरिक्त, शिवद्वार में दर्शन-पूजन के लिए सात बैरियर बनाए गए हैं, जिनसे होकर श्रद्धालुओं को गुजरना होगा। कुल मिलाकर, लगभग 400 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। बता दे कि शनिवार को एसडीएम विशाल कुमार, नायब तहसीलदार विदित त्रिपाठी, सीओ राजेश कुमार राय और प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार सिंह ने शिवद्वार मंदिर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया था।
Source link