![]()
महोबा के चुरबुरा गांव में 23 वर्षीय संजय अहिरवार ने दबंग ई-रिक्शा एजेंसी संचालक की प्रताड़ना से तंग आकर ज़हरीला पदार्थ खा लिया। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसका इलाज चल रहा है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि संजय ने एजेंसी संचालक सोमनाथ साहू का 2.35 लाख रुपये का पूरा कर्ज जमीन बेचकर चुका दिया था। इसके बावजूद संचालक लगातार उसे धमकी दे रहा था और मारपीट कर रहा था। संजय महोबा नगर पालिका के पास एक ई-रिक्शा एजेंसी में काम करता था। करीब एक वर्ष पहले ई-रिक्शा बिक्री के हिसाब-किताब में गड़बड़ी के कारण एजेंसी संचालक सोमनाथ साहू ने उस पर 2 लाख 4 हजार रुपये का बकाया निकाला था। संजय की माँ फूला ने बेटे की जान बचाने के लिए अपनी डेढ़ बीघा जमीन बेचकर 2 लाख 35 हजार रुपये चुकाए थे। कर्ज चुकता होने के बाद भी सोमनाथ साहू ने संजय को परेशान करना जारी रखा। बीते दिन दबंग संचालक अपने कुछ साथियों के साथ संजय को मारने पहुंचा और उसके साथ मारपीट की। इस घटना के समय संजय की मां मजदूरी पर गई हुई थीं। मारपीट की सूचना मिलने पर मां ने कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। हालांकि, पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की और दोनों पक्षों को समझाकर वापस भेज दिया। रविवार को एजेंसी संचालक सोमनाथ ने संजय को फिर से धमकी दी। लगातार मिल रही धमकियों और पुलिस से मदद न मिलने से आहत होकर संजय ने यह कदम उठाया।
Source link