![]()
मुजफ्फरनगर में किसानों के ट्रांसफॉर्मर और ट्यूबवेलों से विद्युत उपकरण चोरी की लगातार हो रही घटनाओं पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ‘ऑपरेशन किसान प्रहरी’ के तहत सक्रिय एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। शनिवार अपराह्न 4 बजे पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि थाना फुगाना पुलिस और एसओजी देहात की संयुक्त टीम ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से ट्रांसफॉर्मरों की 6 कॉपर कॉयल, 2 सिल्वर कॉयल, ट्यूबवेल के 3 कटआउट, करीब 8 फुट केबिल तथा चोरी में इस्तेमाल होने वाले कटर, प्लास, रिंच, हथौड़ी समेत अन्य उपकरण बरामद किए गए हैं। उन्होंने बताया कि आरोपियों से पूछताछ में कई चोरी की वारदातों का खुलासा हुआ है और पुलिस इनके नेटवर्क की भी जांच कर रही है। गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी प्रेस वार्ता में एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया है कि कुछ दिन पहले ग्राम लोई स्थित सरकारी स्कूल के ट्रांसफॉर्मर से तेल और कॉपर कॉयल चोरी की थी। इसके अलावा फुगाना क्षेत्र के जंगलों में किसानों की करीब एक दर्जन ट्यूबवेलों से केबिल, स्टार्टर और कटआउट भी चोरी किए गए थे। आरोपियों ने यह भी बताया कि चोरी का सामान आगे दूसरे व्यक्तियों को बेच दिया जाता था, जिनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है। एसएसपी ने कहा कि किसानों की विद्युत संपत्तियों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य से ‘ऑपरेशन किसान प्रहरी’ चलाया जा रहा है। अभियान के तहत संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी बढ़ाई गई है और ऐसे गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि इस कार्रवाई को थाना फुगाना के प्रभारी निरीक्षक दीपक चौधरी के नेतृत्व में एसओजी देहात की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया। पुलिस टीम के सराहनीय कार्य को देखते हुए पूरी टीम को 15 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
Source link