Sorting by

×


सरफराज वारसी | बाराबंकी2 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

बाराबंकी। पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय के निर्देश पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत टिकैतनगर पुलिस ने कुख्यात तस्कर चांद बाबू के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। राज्य सरकार ने चांद बाबू को पीआईटी-एनडीपीएस (PIT-NDPS) एक्ट के तहत एक वर्ष के लिए निरुद्ध करने का आदेश जारी किया है।

पुलिस के अनुसार, अभियुक्त चांद बाबू वर्तमान में बाराबंकी जिला कारागार में बंद है। पुलिस ने उसे डी-गैंग संख्या 84 में सूचीबद्ध किया है। इसके अतिरिक्त, टिकैतनगर थाने में उसकी हिस्ट्रीशीट संख्या 87A भी खोली गई है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, चांद बाबू के खिलाफ कुल 21 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें से 7 मामले एनडीपीएस एक्ट से संबंधित हैं। पूर्व में पुलिस ने उसके कब्जे से 1 किलो 465 ग्राम हेरोइन बरामद की थी, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 2.93 करोड़ रुपये है।

पुलिस ने बताया कि अभियुक्त लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी में सक्रिय था। उसके खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में राज्य सरकार ने उसे पीआईटी-एनडीपीएस एक्ट के तहत निरुद्ध करने का आदेश जारी किया है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि वह भविष्य में जमानत पर छूटकर दोबारा ऐसी गतिविधियों में शामिल न हो सके।

बाराबंकी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन का मानना है कि इस कार्रवाई से नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *