प्रथम चौधरी | गाजियाबाद5 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

गाजियाबाद में सावन माह की शुरुआत के साथ कांवड़ यात्रा-2026 की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी रवींद्र कुमार मांदड़ ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पूरे जिले को 11 जोन, 24 सेक्टर और 108 सब-सेक्टर में बांटा गया है। सभी क्षेत्रों में मजिस्ट्रेट और संबंधित अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे।
कांवड़ मार्ग पर जलभराव से बचाव के लिए सड़कों के गड्ढों की मरम्मत, सफाई और जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त की गई है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए जिले में 1500 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इनकी निगरानी मेरठ रोड स्थित आधुनिक कंट्रोल रूम, छह अन्य कंट्रोल रूम और पुलिस लाइन के इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम से की जाएगी।

गाजियाबाद में सावन माह की शुरुआत के साथ कांवड़ यात्रा-2026 की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
300 से अधिक शिविर, 24 मेडिकल कैंप की व्यवस्था
कांवड़ मार्ग पर 6900 से अधिक अतिरिक्त लाइटें लगाई गई हैं, जबकि 10 हजार से अधिक बिजली के पोलों को वाटरप्रूफ कवर से सुरक्षित किया गया है। मुरादनगर स्थित गंग नहर के प्रसिद्ध घाट ‘छोटा हरिद्वार’ पर एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें तैनात रहेंगी। यहां बैरिकेडिंग, गोताखोर और जल पुलिस की भी व्यवस्था की गई है।
जिले में 300 से अधिक कांवड़ शिविर लगाए जाएंगे, जिनमें 205 से अधिक कांवड़ संघ भाग लेंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 24 से अधिक मेडिकल कैंप, 65 एंबुलेंस और सरकारी अस्पतालों में 250 से अधिक बेड आरक्षित रखे गए हैं।
मांसाहारी दुकानें रहेंगी बंद, खाद्य पदार्थों की होगी जांच
कांवड़ यात्रा के दौरान कांवड़ मार्ग पर चिकन, मीट और अन्य मांसाहारी खाद्य पदार्थों की दुकानें बंद रहेंगी। 170 शराब की दुकानों को पर्दों से ढकने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, खाद्य सुरक्षा विभाग की 14 टीमें होटल, ढाबों और रेस्तरां का नियमित निरीक्षण करेंगी, ताकि मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाई जा सके। प्रशासन का लक्ष्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना है।
