![]()
सहारनपुर में मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार ने मंगलवार दोपहर तीन बजे को एक करोड़ रुपये या उससे अधिक लागत वाली निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने कहा कि सभी विकास एवं निर्माण कार्य तय समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आयुक्त सभागार में हुई मंडलीय समीक्षा बैठक में उन परियोजनाओं पर विशेष चर्चा हुई जो निर्धारित समय से पीछे चल रही हैं। इनमें बजट की कमी, प्रशासनिक स्वीकृति न मिलना या अन्य कारण शामिल हैं। मंडलायुक्त ने प्रत्येक परियोजना की अलग-अलग समीक्षा करते हुए प्रगति की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों से देरी के कारणों पर जवाब मांगा। डॉ. रूपेश कुमार ने कहा कि यदि किसी परियोजना में शासन स्तर पर पत्राचार या स्वीकृति की आवश्यकता है, तो उनके स्तर से भी आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जो परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं, उन्हें शीघ्र संबंधित विभागों को हस्तांतरित किया जाए ताकि आम जनता को उनका लाभ समय पर मिल सके। बैठक में मंडलायुक्त ने पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं की अद्यतन प्रगति सीएमआईएस (CMIS) पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड करने को कहा। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए नामित अधिकारियों को नियमित स्थलीय निरीक्षण करने और रिपोर्ट समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इससे कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित होगी। मंडलायुक्त ने सभी कार्यदायी संस्थाओं को चेतावनी दी कि परियोजनाओं में अनावश्यक देरी से विकास कार्य प्रभावित होते हैं। उन्होंने कहा कि समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। अधिकारियों से समन्वय बनाकर लंबित कार्यों को तेजी से पूरा कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सहारनपुर सुमित राजेश महाजन, मुख्य विकास अधिकारी मुजफ्फरनगर कंडारकर कमल किशोर देशभूषण, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे। इस दौरान मंडल स्तर पर चल रही बड़ी निर्माण परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्हें निर्धारित समय के भीतर पूरा कराने की रणनीति पर भी चर्चा की गई।
Source link