Sorting by

×




जालौन में थाना सिरसाकलार पुलिस दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से पहले चोरी की गई एक मोटरसाइकिल, एक स्टार्टर तथा चोरी की वारदातों में इस्तेमाल होने वाले हथियार बरामद किए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। इस मामले का खुलासा करते हुए जालौन के अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी ने बताया कि अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन तथा पुलिस महानिरीक्षक झांसी परिक्षेत्र के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक जालौन के पर्यवेक्षण में जिलेभर में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना सिरसाकलार पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि दो युवक चोरी की योजना बना रहे हैं।पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर उनके कब्जे से एक एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद हुई, जिस पर कूटरचित नंबर प्लेट UP 92 A7903 लगी हुई थी, जबकि वाहन का वास्तविक पंजीकरण नंबर UP 92 AC 6730 है। जांच में यह मोटरसाइकिल कोतवाली उरई क्षेत्र से चोरी होना पाई गई। इसके अलावा एक स्टार्टर भी बरामद किया गया, जो कोतवाली जालौन क्षेत्र में दर्ज चोरी के मुकदमे से संबंधित निकला। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक प्लास्टिक के झोले में चोरी करने के विभिन्न उपकरण भी बरामद किए हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान आशीष कुमार पुत्र सुनील कुमार (23 वर्ष), निवासी ग्राम शहजादपुरा, कोतवाली जालौन तथा गौरव उर्फ बेटू पुत्र गंगा प्रसाद (20 वर्ष), निवासी ग्राम पड़री, कोतवाली कालपी के रूप में हुई है। अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी ने बताया कि बरामदगी एवं गिरफ्तारी के आधार पर थाना सिरसाकलार में मु.अ.सं. 82/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं एवं आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 में मुकदमा पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की गई है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि दोनों आरोपियों का जिले या आसपास के अन्य क्षेत्रों में हुई चोरी की घटनाओं से भी कोई संबंध है या नहीं। पुलिस का मानना है कि पूछताछ से चोरी की अन्य वारदातों का भी खुलासा होने की संभावना है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *