Sorting by

×




हापुड़ में आगामी कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुचारु बनाने के उद्देश्य से रविवार को पुलिस, व्यापारी और ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। कांवड़ यात्रा के दौरान लागू होने वाले रूट डायवर्जन प्लान पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि इस बार भारी वाहनों का डायवर्जन छिजारसी टोल प्लाजा के बजाय गंगा एक्सप्रेसवे से किया जाएगा। इससे कांवड़ मार्गों पर यातायात का दबाव कम होगा और श्रद्धालुओं को परेशानी नहीं होगी। संयुक्त हापुड़ उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष ललित अग्रवाल ‘छावनी वाले’ ने ट्रैफिक व्यवस्था ऐसी बनाने का आग्रह किया, जिससे कांवड़ियों को असुविधा न हो और शहर का व्यापार भी प्रभावित न हो। इस पर अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि कांवड़ियों की संख्या और परिस्थितियों के अनुसार निजामपुर बाईपास से वाहनों के आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। संचालन की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग व्यापार मंडल के महामंत्री संजय अग्रवाल ने आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करने वाले वाहनों के निर्बाध संचालन की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को प्राथमिकता दी जाएगी और पुलिस-प्रशासन आपसी समन्वय से यातायात व्यवस्था बनाए रखेगा। बैठक की अध्यक्षता सीओ सदर अनीता चौहान ने की।बेहतर संवाद और त्वरित सूचना आदान-प्रदान के लिए संबंधित अधिकारियों, व्यापारियों और ट्रांसपोर्टरों का एक साझा व्हाट्सएप ग्रुप बनाने पर भी सहमति बनी। इस दौरान थाना प्रभारी मनीष चौहान समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के अमित गुप्ता, समरजीत सिंह, संजय शोढ़ी तथा व्यापारी नेता दीपक बंसल, संजय डावर, संजीव जैन, आयुष शर्मा, अमित गोयल, प्रभात अग्रवाल, विवेक गर्ग सहित बड़ी संख्या में व्यापारी भी उपस्थित थे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *