Sorting by

×


कानपुर5 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

कानपुर की कल (शनिवार) की 10 बड़ी खबरें… महाराजपुर में 28 वर्षीय राहुल पाल उर्फ छोटू का शव खेत में मिला। उसके सिर में गोली लगी थी, पास में अवैध तमंचा पड़ा था।

उधर, पुलिस ने 250 करोड़ रुपए के साइबर फ्रॉड मामले में 25 हजार के इनामी और आगरा के स्क्रैप कारोबारी अंचित गोयल को गिरफ्तार किया है। जांच में उसकी तीन फर्मों के खातों में डेढ़ साल में 53 करोड़ रुपए के लेनदेन और फर्जी जीएसटी क्लेम का खुलासा हुआ।

हनुमंत विहार में रिटायर्ड PAC जवान फूल सिंह के घर तौलिया ओढ़कर आए चोरों ने मुख्य गेट का ताला तोड़कर करीब 21 लाख रुपए के जेवर और नकदी चोरी कर ली। कानपुर की ऐसी ही 10 बड़ी खबरों से गुजरने के लिए ऊपर VIDEO पर क्लिक करें…।

सिलसिलेवार पढ़िए 10 खबरें-

1- काकादेव में केमिकल कारोबारी ने फंदा लगाकर दी जान, ऑफिस को लॉक कर CCTV को ढका था

काकदेव क्षेत्र में केमिकल कारोबारी मनोज कुमार पांडेय (52) ने अपने कार्यालय में फंदा लगाकर जान दे दी। देर रात तक घर नहीं लौटने पर पत्नी ने ड्राइवर और परिचित को ऑफिस भेजा, जहां खिड़की तोड़कर देखने पर शव फंदे से लटका मिला। पुलिस जांच में सामने आया कि घटना से पहले ऑफिस के सीसीटीवी कैमरों को कपड़े से ढक दिया गया था। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पढ़ें पूरी खबर…

2- पति दूसरा निकाह कर रहा था तभी पहली पत्नी पहुंची, हंगामा कर बोली- अभी तलाक नहीं हुआ

कानपुर में दूसरी शादी करने जा रहे युवक के मंडप पर पहली पत्नी पहुंच गई। रात करीब 11 बजे पहुंची पत्नी ने हंगामा शुरू कर दिया। दावा किया कि उसका अभी तक तलाक नहीं हुआ है। मामला चकेरी थाना क्षेत्र के श्यामनगर स्थित एक मैरिज लॉन का है। पत्नी के हंगामा के बाद निकाह रोक दिया गया। पुलिस ने दूल्हे को हिरासत में लेकर दोनों पक्षों से पूछताछ की। पत्नी ने थाने में एफआईआर के लिए तहरीर भी दी है। पढ़ें पूरी खबर…

3- बर्रा हाईवे पर महिला ने होमगार्ड को जड़े थप्पड़, छेड़खानी का आरोप लगाकर वर्दी खींचकर मारी लात

बर्रा-8 स्थित कारगिल पेट्रोल पंप के पास एक महिला ने ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड की बीच सड़क पिटाई कर दी। महिला ने छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए उसकी वर्दी पकड़कर थप्पड़ और लातें मारीं। वीडियो में कुछ लोग महिला का समर्थन करते और चप्पल देकर मारने के लिए उकसाते भी दिखे। फिलहाल घटना की तारीख स्पष्ट नहीं है, जबकि बर्रा और गुजैनी पुलिस क्षेत्राधिकार को लेकर उलझी हुई है। पढ़ें पूरी खबर…

4- बारिश से कई इलाकों में पानी भरा, लाजपत नगर में नालियां ओवरफ्लो; पारा 3 डिग्री गिरा

कानपुर में शनिवार सुबह से रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी रहा, शाम करीब 4 बजे जोरदार बारिश शुरू हुई। एक घंटे की तेज बारिश में कई इलाकों में पानी भर गया। बारिश शुरू होते ही दिन में अंधेरा छा गया। तापमान करीब 3 डिग्री सेल्सियस गिरकर 30 डिग्री के आसपास पहुंच गया। बारिश ने लोगों को गर्मी और उमस से राहत दी। लाजपत नगर में नालियां ओवरफ्लो हो गईं, बेनाझावर ईदगाह और श्यामनगर ई-ब्लॉक की गलियों में पानी भर गया। पढ़ें पूरी खबर…

5- खेत के पास युवक का गोली लगा शव मिला, पास से तमंचा बरामद; शादी की बात पर घर से निकला था

महाराजपुर क्षेत्र के नगरा गांव के पास खेत में 28 वर्षीय राहुल पाल उर्फ छोटू का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। उसके सिर में गोली लगी थी, जबकि शव के पास अवैध तमंचा और कारतूस का खोखा बरामद हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पढ़ें पूरी खबर…

6- कोडीन कफ सिरप का मास्टरमाइंड 10 महीने बाद अरेस्ट, डीसीपी बोले- पूरे नेटवर्क की कड़ियां खंगाली जा रहीं

कानपुर पुलिस ने प्रतिबंधित कोडीन कफ सिरप के अवैध कारोबार के मुख्य आरोपी और 25 हजार रुपए के इनामी वेदप्रकाश शिवहरे को 10 महीने बाद गिरफ्तार कर लिया। डीसीपी क्राइम श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि 10 अक्टूबर 2025 को दर्ज एफआईआर के बाद आरोपी फरार था। इस रैकेट से जुड़े पांच आरोपी पहले ही जेल जा चुके हैं। पुलिस अब पूरे नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की जांच में जुटी है। पढ़ें पूरी खबर…

7- भीम आर्मी का प्रदर्शन, बोले- जंतर-मंतर पर लाठीचार्ज मामले की न्यायिक जांच हो, दोषियों को सजा मिले

भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने नीट पेपर लीक और जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में प्रदर्शन किया। कचहरी स्थित कौशिक पार्क से मार्च निकालकर कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी गेट पर धरना दिया और राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने परीक्षा धांधली की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई, शिक्षा और भर्ती प्रणाली में सुधार, केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग की। पढ़ें पूरी खबर…

8- रिटायर PAC जवान के घर 21 लाख की चोरी, तौलिया ओढ़कर आए दो चोर, नाती को बेहोश किया

कानपुर के हनुमंत विहार में रिटायर्ड पीएसी जवान फूल सिंह के घर तौलिया ओढ़कर आए चोरों ने मुख्य गेट का ताला तोड़कर करीब 21 लाख रुपए के जेवर और नकदी चोरी कर ली। वारदात के दौरान दूसरी मंजिल पर सो रहे नाती को नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्धों की पहचान की है। घटनास्थल से एक तौलिया भी बरामद हुई है। पढ़ें पूरी खबर…

9- शिक्षामंत्री के इस्तीफे पर नसीम-इरफान सोलंकी बोले- छात्रों की जीत हुई, सच परेशान हो सकता है, पराजित नहीं

शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद सीसामऊ विधायक नसीम सोलंकी और पूर्व विधायक इरफान सोलंकी ने छात्रों को बधाई देते हुए इसे उनकी जीत बताया। वीडियो जारी कर कहा कि लंबे आंदोलन ने साबित कर दिया कि “सच परेशान हो सकता है, पराजित नहीं।” नसीम सोलंकी ने कहा कि छात्रों ने अपने भविष्य के लिए मजबूती से आवाज उठाई और उनकी मांग पूरी होना खुशी की बात है। उन्होंने आंदोलन में शामिल होने पर गर्व भी जताया। पढ़ें पूरी खबर…

10- 250 करोड़ के साइबर फ्रॉड में 25 हजार का इनामी अरेस्ट, स्क्रैप कारोबारी के तीन खातों में 53 करोड़ का ट्रांजेक्शन

कानपुर पुलिस ने 250 करोड़ रुपए के साइबर फ्रॉड मामले में 25 हजार के इनामी और आगरा के स्क्रैप कारोबारी अंचित गोयल को गिरफ्तार किया है। जांच में उसकी तीन फर्मों के खातों में डेढ़ साल में 53 करोड़ रुपए के लेनदेन और फर्जी जीएसटी क्लेम का खुलासा हुआ। पुलिस के अनुसार ठगी की रकम का हिस्सा विदेश तक भेजा गया, जिसमें कैलिफोर्निया की जेनिफर फ्लोरेंस के खाते में भी ट्रांजेक्शन मिला है। मामले में अब तक नौ आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। पढ़ें पूरी खबर…

खबरें और भी हैं…



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *