![]()
आजमगढ़ लालगंज तहसील परिसर में शुक्रवार को जमीन विवाद की सुनवाई के बाद दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट हो गई। इस दौरान पीड़ित का कुर्ता भी फट गया। घटना के बाद तहसील परिसर में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौके पर जुट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस चार लोगों को कोतवाली ले गई। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के चिरकिहिट गांव निवासी कंचन पाठक ने करीब एक वर्ष पूर्व उर्मिला पत्नी रामआलम से लगभग 21 बिस्वा भूमि की रजिस्ट्री कराई थी। इसी भूमि को लेकर रामवृक्ष पुत्र संता प्रसाद और रामाश्रय राय पुत्र शांता प्रसाद राय की ओर से न्यायालय से स्थगन आदेश प्राप्त है। शुक्रवार को दोनों पक्ष उपजिलाधिकारी न्यायालय में पहुंचे थे। सुनवाई के दौरान एसडीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जब तक स्थगन आदेश प्रभावी है, तब तक संबंधित भूमि पर कोई भी पक्ष कोई कार्य नहीं करेगा। आरोप है कि न्यायालय कक्ष से बाहर निकलने के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि मारपीट के दौरान उसका कुर्ता फाड़ दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एडवोकेट नागेंद्र सिंह, एडवोकेट विंध्यवासिनी राय, एडवोकेट हामिद अली सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौके पर पहुंच गए। दर्ज हो रहा मुकदमा चौकी प्रभारी लालगंज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस कंचन पाठक, उनके पति संजय पाठक समेत चार लोगों को पूछताछ के लिए कोतवाली ले गई। इस बारे में क्षेत्राधिकारी भूपेश कुमार पाण्डेय का कहना है कि मामले में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
Source link