![]()
एटा जिले की मलावन थाना पुलिस ने पत्नी को आत्महत्या के लिए उकसाने और उत्पीड़न के आरोप में फरार चल रहे आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। बुधवार को महिला ने की थी आत्महत्या मामला मलावन थाना क्षेत्र के ग्राम नवादा का है। यहां रहने वाली 32 वर्षीय शालिनी ने बीते बुधवार को आत्महत्या कर ली थी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। मायके पक्ष की शिकायत पर दर्ज हुआ मुकदमा शालिनी के मायके पक्ष की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी पति विक्रम के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी और मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया था। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर हुई कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामरन जी के पर्यवेक्षण में मलावन थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी विक्रम पुत्र हरीबाबू निवासी ग्राम नवादा, थाना मलावन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 85, 108 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक विपिन कुमार भाटी, कांस्टेबल प्रतिभान सिंह और आरक्षी कार्तिक शर्मा शामिल रहे।
Source link