![]()
सुलतानपुर में एक युवक की नदी में डुबोकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगा है। परिजनों ने सोमवार 1 बजे कलेक्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर प्रदर्शन कर न्याय की गुहार लगाई। उनका आरोप है कि युवक को धोखे से बुलाकर इस वारदात को अंजाम दिया गया। निजामपट्टी निवासी राधा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 14 जुलाई की सुबह करीब 10 बजे उनके भाई राजू को गांव के ही पंकज निषाद और परसू घर से बुलाकर ले गए थे। सुबह 11:30 बजे राजू ने किसी अन्य साथी के मोबाइल से अपनी बहन को फोन कर बताया था कि वह पंकज के साथ नदी के किनारे मौजूद है। शाम 6 बजे परिजनों को जानकारी मिली कि राजू का शव नदी किनारे मछुआरों को मिला है। पीड़िता राधा का आरोप है कि घटना से कुछ दिन पहले ही पंकज के मित्र परसू और उसके छोटे भाई ने परिजनों के सामने राजू को जान से मारने की धमकी दी थी। परिजनों ने पुलिस आरक्षी पवन कुमार के साथ सीताकुंड पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज में तीन व्यक्ति राजू को नदी में डुबोकर मारते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं। परिजनों ने यह वीडियो फुटेज क्षेत्राधिकारी (CO) नगर को भी दिखाया है। परिजनों ने पुलिस को दी गई तहरीर में सीताकुंड धाम के सीसीटीवी फुटेज का हवाला देते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता राधा ने कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक को लिखित प्रार्थना पत्र सौंपकर प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) दर्ज कर त्वरित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। इस मामले में सीओ सिटी राघवेंद्र सिंह ने परिजनों को निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
Source link