Sorting by

×




संभल में ग्राम प्रधान के भाई की पत्नी की जहरीले पदार्थ के सेवन से मौत हो गई। इलाज के दौरान हुई इस घटना के बाद ससुराल पक्ष पर मौत की जानकारी छिपाने का आरोप है। मायके पक्ष की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। अस्पताल प्रशासन ने शाम 7 बजे संभल कोतवाली पुलिस को महिला की मौत की सूचना दी थी। यह घटना संभल तहसील के थाना कैलादेवी क्षेत्र के गांव बागड़पुर छोईया की है। मृतका की पहचान 28 वर्षीय मीरा पत्नी सत्येंद्र सिंह के रूप में हुई है। मीरा ने सुबह जहरीले पदार्थ का सेवन किया था, जिसके बाद उसे संभल कोतवाली कस्बा क्षेत्र के चंदौसी रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने शाम 6 से 6:30 बजे के बीच उसकी मौत की पुष्टि की। परिजनों को रात 8 बजे के करीब मौत की सूचना मिली। रात 10 बजे मायके पक्ष की सूचना पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शिकायत के बाद शव को कब्जे में ले लिया।
गांव मल्लाह मुस्तफाबाद निवासी चंद्रपाल सिंह ने अपनी बेटी मीरा की शादी वर्ष 2019 में बागड़पुर छोईया निवासी अमरीश के बेटे सत्येंद्र से की थी। मायके पक्ष का आरोप है कि पति और ससुराल वाले कम दहेज को लेकर मीरा को लगातार प्रताड़ित करते थे। मृतका अपने पीछे 3 साल के बेटे कलुआ और 10 महीने के बेटे ऋषभ को छोड़ गई है।
थाना प्रभारी सचिन कुमार ने बताया कि महिला की जहरीले पदार्थ के सेवन से मौत की सूचना मिली है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है, लेकिन मायके पक्ष द्वारा लगाए गए सभी आरोपों की गहनता से जांच की जा रही है। वहीं थाना पुलिस की सूचना के बाद नायब तहसीलदार दीपक कुमार जुरैल पहुंचे, उनकी निगरानी में पंचनामा भरा गया, वहीं परिजनों के बयान भी दर्ज किए गए।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *