![]()
बलिया सदर तहसील में सोमवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस दिवस में कुल 112 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 10 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। जिलाधिकारी ने जनसुनवाई के दौरान सभी शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश दिए। समाधान दिवस में भूमि विवाद, अवैध कब्जा, नाली निकास, वरासत और बैनामा सहित विभिन्न प्रकार की शिकायतें सामने आईं। इनमें सर्वाधिक मामले भूमि विवाद से जुड़े थे। भूमि विवादों पर सख्त रुख अपनाते हुए जिलाधिकारी ने राजस्व विभाग को निर्देश दिया कि लेखपाल, कानूनगो और पुलिस बल की संयुक्त टीम बनाकर मौके पर पहुंचे और विवादों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान चितबड़ागांव निवासी मनीष तिवारी ने नगर पंचायत चितबड़ागांव के वार्ड नंबर-08 (पटेल नगर) में स्थित ऐतिहासिक तेलिया पोखरे पर अतिक्रमण हटाने और अभिलेख दुरुस्त करने के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया। जिलाधिकारी ने इस पर अधीनस्थों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। विकास खंड सोहांव के ग्राम कोरन्डाडीह के एक शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि गांव के कुछ लोग उन्हें उनकी भूमि पर कब्जा नहीं करने दे रहे हैं। इस पर जिलाधिकारी ने नरही थाना प्रभारी को तत्काल मौके पर पहुंचकर शिकायत की जांच करने और शिकायतकर्ता को उसकी भूमि पर कब्जा दिलाने के निर्देश दिए। साथ ही राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम को मौके का मुआयना कर निष्पक्ष कार्रवाई करते हुए मामले का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों से कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सरकार की प्राथमिकता है। जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। इस अवसर पर एसडीएम सदर अभिनेंद्र सिंह एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
Source link