Sorting by

×




न्यू आगरा पुलिस ने 51 कदम चलने पर भगवान की मूर्ति मिलने और रकम चार गुना करने का झांसा देकर टप्पेबाजी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने धार्मिक आस्था का सहारा लेकर पीड़ित को “51 कदम चलने पर हाथ में हनुमान जी की मूर्ति आने” का झांसा दिया और उसके साथ हजारों रुपये की ठगी कर फरार हो गए थे।
घटना 13 जुलाई की है। जब वादी अपने भतीजे के साथ नगला पदी क्षेत्र से गुजर रहा था। दयालबाग रोड पर एसबीआई के एटीएम के पास तीन अज्ञात युवक मिले, जिन्होंने बातों में उलझाकर भतीजे को ‘51 कदम चलने पर हनुमान की मूर्ति मिलने और रकम चार गुना होने का लालच दिया। इसी दौरान आरोपियों ने वादी से उसकी जेब में रखी रकम के बारे में पूछा। वादी ने बताया कि उसके पास 41,300 रुपये हैं। आरोपियों ने पीड़ित से रकम अपने हाथ में रखवा ली। इसके बाद तीनों ने चालाकी से रुपये छीन लिए और मौके से फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर थाना न्यू आगरा में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने तीनों आरोपियों जाविद, मोहम्मद शमद और मोहम्मद शाहिद को खासपुर चौराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 15,000 रुपये बरामद किए, जो छीने गए पैसों में से बचे हुए थे। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने धार्मिक विश्वास का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि उन्होंने अन्य जगहों पर भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *