Sorting by

×




सीतापुर के हरगांव थाना क्षेत्र के कैथाभारी गांव में महिला की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए शनिवार दोपहर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, प्रेम संबंधों को लेकर उपजे शक के चलते आरोपी ने महिला की गला दबाकर हत्या कर दी थी। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मृतका का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, 8 जुलाई 2026 की सुबह कैथाभारी गांव के खड़ंजे पर करीब 36 वर्षीय रेनू का शव मिला था। मृतका की पहचान रक्षपाल की लिव-इन पार्टनर के रूप में हुई। रक्षपाल की तहरीर पर हरगांव थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) आलोक सिंह और क्षेत्राधिकारी सदर नेहा त्रिपाठी के पर्यवेक्षण में गठित टीम ने शनिवार को कल्याणपुर तिराहे स्थित काली माता मंदिर के पास से आरोपी रामजीवन पुत्र छोटेलाल, निवासी अंबर सराय, थाना लहरपुर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके मृतका से प्रेम संबंध थे, लेकिन उसे संदेह था कि महिला के अन्य पुरुषों से भी संबंध हैं। इसी शक के चलते वह उसे बाइक से हरगांव घुमाने के बहाने कबीरपुर के पास खेतों में ले गया, जहां विवाद के दौरान गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद पहचान छिपाने और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से उसने मृतका का मोबाइल फोन रास्ते में पड़ने वाली बड़ी नहर में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पहले से हत्या, चोरी, एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं तथा वह हिस्ट्रीशीटर भी है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक आनंद नारायण त्रिपाठी, उपनिरीक्षक विकास कुमार यादव, मुख्य आरक्षी बलदेव सिंह, बृजनाथ द्विवेदी और अनुज कुमार शामिल रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *