Sorting by

×




पीलीभीत के सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बरहा गांव में शनिवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक वर्षों से जर्जर पड़ी सड़क के निर्माण की मांग को लेकर गांव की ही ओवरहेड पानी की टंकी पर चढ़ गया। करीब एक घंटे चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन पर ग्रामीण नीचे उतरा। जानकारी के अनुसार, बरहा गांव निवासी राजकुमार पुत्र चेतराम शनिवार सुबह करीब 11 बजे अचानक गांव की पानी की टंकी पर चढ़ गए। राजकुमार का आरोप है कि गांव से मुख्य हाईवे को जोड़ने वाला संपर्क मार्ग पिछले लगभग 10 वर्षों से बेहद जर्जर स्थिति में है। राजकुमार ने बताया कि बरसात के दिनों में इस सड़क पर भारी जलभराव और कीचड़ हो जाता है, जिससे ग्रामीणों का पैदल निकलना भी मुश्किल हो जाता है। उनका कहना है कि मार्ग की बदहाली के कारण गांव के करीब 50 परिवारों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और कीचड़ में फिसलकर कई लोग चोटिल भी हो चुके हैं। उन्होंने कई बार अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। ग्रामीण के टंकी पर चढ़ने की सूचना मिलते ही गांव में भारी भीड़ जमा हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ अमरनाथ वर्मा, सुनगढ़ी थाना पुलिस और तहसील प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने लाउडस्पीकर के माध्यम से राजकुमार को समझाने का प्रयास किया। लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत और जल्द से जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने के ठोस आश्वासन के बाद राजकुमार सुरक्षित नीचे उतरे। इसके बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क का निर्माण नहीं कराया गया तो वे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *