Sorting by

×




मुज़फ्फ़रनगर में लगातार हो रही बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में जलभराव की समस्या गहराती जा रही है। इसी बीच थाना सिविल लाइन क्षेत्र के रुड़की रोड स्थित वार्ड-32 की जनकपुरी कॉलोनी में स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। शुक्रवार करीब 9 बजे जलभराव से परेशान कॉलोनीवासियों ने सड़क पर उतरकर नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप और राज्य मंत्री कपिलदेव अग्रवाल के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि बारिश के बाद पूरी कॉलोनी पानी में डूब गई है। सड़कों पर कई-कई फीट तक पानी भरा हुआ है, जिससे लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो गया है। जलभराव के कारण बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद जल निकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं की गई। हर बरसात में यही स्थिति बनती है, लेकिन समस्या का समाधान आज तक नहीं हुआ। लोगों का कहना है कि प्रशासन और जनप्रतिनिधि केवल आश्वासन देते हैं, जबकि ज़मीनी स्तर पर हालात जस के तस बने हुए हैं। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द जलभराव की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी का बहिष्कार करेंगे। उनका कहना था कि जब मूलभूत सुविधाएं ही उपलब्ध नहीं कराई जा रहीं, तो चुनाव के समय वोट मांगने आने वाले नेताओं का विरोध किया जाएगा। स्थानीय लोगों ने नगर पालिका और जिला प्रशासन से तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कराने, नालों की सफाई और स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed