Sorting by

×




कानपुर देहात के सिकंदरा थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक कैफे में कक्षा-9 की छात्रा और एक युवक को कमरे में बंद किए जाने का मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर दोनों को सकुशल बाहर निकाला। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने कैफे संचालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। सहजपुर गांव निवासी जय नारायण सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी बेटी गुरुवार दोपहर करीब दो बजे कोचिंग के लिए घर से निकली थी। आरोप है कि हरिहरपुर चौराहे स्थित एक कैफे के संचालक अंकित कुमार और उसके साथियों ने छात्रा को कैफे के अंदर बने कमरे में बंद कर दिया। परिजनों का आरोप है कि घटना देख रहे एक रिश्तेदार युवक को भी उसी कमरे में बंद कर दिया गया। बताया गया कि परिजन मौके पर पहुंचे और दरवाजा खोलने को कहा, लेकिन आरोपियों ने कमरा नहीं खोला। इसके बाद डायल-112 और सिकंदरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर छात्रा और युवक को सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस ने कैफे संचालक अंकित कुमार को हिरासत में ले लिया है। जिले की पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडे ने बताया कि मामले की जांच के लिए अपर पुलिस अधीक्षक को मौके पर भेजा गया है। उन्होंने कहा कि सभी तथ्यों की गहनता से जांच कराई जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है। मामले की जांच पूरी होने के बाद ही घटना की परिस्थितियां और जिम्मेदारी स्पष्ट हो सकेगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *